तमिलनाडु में एक महिला ने अवैध संबंध के चलते अपने पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उसने इसे आत्महत्या बताया, पर CCTV फुटेज से हत्या का खुलासा हुआ। 90% जले पति की मौत के बाद पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया।

कल्लाकुरिची: तमिलनाडु के सेलम के पास कल्लाकुरिची में एक महिला ने अपने शराबी पति पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। हैरान करने वाली बात ये है कि उसने इसे खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की। लेकिन CCTV फुटेज ने उसकी पूरी पोल खोल दी। पुलिस की जांच में बाद में पता चला कि यह एक हत्या थी। पत्नी के हाथों मारे गए शख्स की पहचान मामंडल रोड के रहने वाले एंटनी रॉबिन के तौर पर हुई है। वह सेलम के चिन्नातिरूपति इलाके की एक गैस कंपनी में काम करता था। हत्या करने वाली उसकी पत्नी का नाम अम्मू है।

CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात

शुरुआत में पत्नी अम्मू ने पुलिस को बताया कि उसके पति एंटनी रॉबिन ने शराब के नशे में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। लेकिन जब पुलिस ने घर के बाहर गली में लगे CCTV फुटेज की जांच की, तो सच सामने आ गया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि अम्मू लाइटर से अपने पति को आग लगा रही है। आग लगने के बाद रॉबिन को पड़ोसियों ने सेलम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वह 90% तक जल चुका था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

रविवार सुबह की इस घटना का CCTV फुटेज दिल दहला देने वाला है। इसमें दिख रहा है कि आग लगने के बाद एंटनी चीखते हुए सड़क पर दौड़ रहा है। पहले तो उसकी पत्नी अम्मू ने दावा किया कि एंटनी ने शराब के नशे में पेट्रोल डालकर खुदकुशी कर ली। बाद में पड़ोसियों ने उसे कल्लाकुरिची के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए सेलम के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले तो केस में एक नया मोड़ आ गया। CCTV में जो दिखा, वह अम्मू के बयान से बिल्कुल अलग था। वीडियो में एंटनी घर से बाहर आता है और अपने शरीर पर लगे पेट्रोल को पोंछने की कोशिश करता है। तभी उसकी पत्नी अम्मू पीछे से आती है और जानबूझकर लाइटर से उसे आग लगा देती है।

तीन बच्चों की मां का था जीजा से अफेयर

एंटनी और अम्मू की शादी को कई साल हो चुके थे और उनके तीन बच्चे (दो बेटे और एक बेटी) हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि हत्या की वजह अवैध संबंध थे। एंटनी को पता चल गया था कि उसकी पत्नी अम्मू का उसकी अपनी बहन के पति (जीजा) के साथ अफेयर चल रहा है। उसने कई बार अम्मू को यह रिश्ता खत्म करने की चेतावनी दी थी। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था।

पुलिस ने बताया कि शनिवार की रात एंटनी शराब के नशे में था। इसी का फायदा उठाकर अम्मू ने घर के अंदर ही उस पर पेट्रोल डाल दिया। जब वह खुद को साफ करने के लिए बाहर भागा, तो अम्मू ने उसका पीछा किया और उसे आग के हवाले कर दिया। कल्लाकुरिची पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी पत्नी अम्मू को गिरफ्तार कर लिया है।