बेंगलुरु के एक ऑटो ड्राइवर ने पत्नी की मौजूदगी महसूस करने के लिए ऑटो में उनके झुमके लटकाए। यह वीडियो वायरल है और लोग इसे सच्चा प्यार बता रहे हैं, जो महंगे तोहफों से बढ़कर है।
प्यार जताने के लिए महंगे तोहफों की जरूरत नहीं होती। बेंगलुरु के एक ऑटो ड्राइवर ने इस बात को सच साबित कर दिया है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपने ऑटो के अंदर एक जोड़ी झुमके लटका रखे हैं। कंटेंट क्रिएटर मेरिलिन सुल्ताना अकांद ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वीडियो में दिखता है कि ऑटो के फ्रंट ग्लास के ऊपर ड्राइवर ने अपनी पत्नी की एक तस्वीर लगा रखी है। लेकिन लोगों का दिल जीता है रियर-व्यू मिरर पर लटक रहे झुमकों की एक जोड़ी ने। जब ऑटो चलता है, तो ये झुमके धीरे-धीरे हिलते हैं। अपनी पत्नी की मौजूदगी को हमेशा अपने साथ महसूस करने के लिए ड्राइवर का ये छोटा सा काम हर किसी का दिल छू रहा है।
मेरिलिन ने वीडियो को कैप्शन दिया, 'वो ऑटो शायद सवारियां ढोता है, लेकिन उसका दिल उसे (पत्नी को) ढोता है। जब कोई पुरुष आपसे सच्चा प्यार करता है, तो आप उसकी दिनचर्या का हिस्सा बन जाती हैं।' इस वीडियो पर लोग जमकर कमेंट कर रहे हैं और इसे ही सच्चा प्यार बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'सच्चा प्यार ऐसा ही होता है। सिंपल लेकिन बहुत गहरा।' एक और यूजर ने कमेंट किया, ‘सारे हीरो केप नहीं पहनते, कुछ ऑटो चलाते हैं और अपने साथ प्यार लेकर चलते हैं।’
एक और शख्स ने लिखा, 'कितनी खूबसूरत बात है कि वह दिन भर अपनी पत्नी के झुमके देखना चाहता है!' इस वीडियो को देखने के बाद ज्यादातर लोगों का यही मानना है कि बिना किसी बड़े दिखावे के, हर पल अपने प्रियजनों को समर्पित करने वाले ऐसे आम लोगों का प्यार ही सबसे बड़ा होता है।
