Split Ends Hair: गर्मी में बाल रूखे और दोमुंहे हो जाते हैं। नारियल तेल, अंडा, मेथी, एवोकाडो और एलोवेरा जैसे घरेलू उपायों से बालों को पोषण दें और दोमुंहे बालों से छुटकारा पाएं।

Split Ends: गर्मी का मौसम आते ही स्किन और बालों की देखभाल की चिंता सताने लगती है। धूप, धूल और उमस के इस मौसम में बाल काफी खराब हो जाते हैं। मौसम ही नहीं बल्कि गलत खान-पान की वजह से भी बालों की समस्या होती है, जिसमें दोमुंहे बाल एक आम बात हो गई है। दोमुंहे बालों की वजह से बालों की ग्रोथ भी काफी प्रभावित होती है। साथ ही बाल झड़ने की समस्या भी देखने को मिलती है। इसीलिए सलाह दी जाती है कि बालों को हर महीने ट्रिम करवाना चाहिए। लेकिन आप बिना बालों को ट्रिम किए भी दोमुंहे बालों से छुटकारा पा सकते हैं। इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे घरेलू उपाय बताएंगे। जिनकी मदद से आप घर बैठे अपने बालों को हेल्दी, शाइनी और बाउंसी बना सकते हैं। तो आइए जानते हैं ऐसे ही 5 असरदार और आसान घरेलू उपाय।

दोमुंहे बालों को ठीक करने के 5 घरेलू उपाय

1. नारियल तेल की मसाज (Coconut oil massage)

नारियल का तेल बालों को गहराई से पोषण देता है और दोमुंहे बालों को कम करने में मदद करता है। हल्के गर्म नारियल तेल को स्कैल्प और बालों की लंबाई पर लगाएं। इसे रात भर लगा रहने दें और सुबह माइल्ड शैम्पू से धो लें। हफ्ते में 2-3 बार इसका इस्तेमाल करके आप दोमुंहे बालों की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।

2. अंडे का हेयर मास्क (Egg hair mask)

अंडे में प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। जो बालों को मजबूत बनाता है और दोमुंहे बालों को रोकने में मदद करता है। 1 अंडा, 1 चम्मच शहद और 1 चम्मच जैतून के तेल मिक्स करें। इस पेस्ट को बालों पर लगाएं और 30 मिनट बाद धो लें। हफ़्ते में एक बार ऐसा करने से आपको नतीजे मिलेंगे।

3. मेथी और दही का पैक (Fenugreek and curd pack)

मेथी बालों को मजबूत बनाती है और दही बालों को नमी प्रदान करती है। इसका मास्क बनाकर लगाने से दोमुंहे बालों की समस्या से निजात मिल सकती है। इसके लिए 2 चम्मच मेथी को रात भर पानी में भिगो कर रख दें। अगली सुबह इसे पीसकर इसमें 2 चम्मच दही मिला लें। इसे बालों पर लगाकर 30-40 मिनट तक रखें, फिर धो लें। इसे हफ़्ते में 1-2 बार लगाएं।

4. एवोकाडो हेयर मास्क (Avocado Hair Mask)

एवोकाडो में विटामिन और फैटी एसिड होते हैं जो बालों को पोषण देते हैं। यह बालों को चमकदार और मुलायम बनाने में बहुत कारगर है। इसका इस्तेमाल करने के लिए आधे पके हुए एवोकाडो को मैश करके उसमें 1 चम्मच शहद और 1 चम्मच नारियल का तेल मिलाएं। इसे बालों पर लगाएं और 30 मिनट बाद धो लें।

5. एलोवेरा जेल ट्रीटमेंट ( Aloe Vera Gel Treatment)

एलोवेरा बालों को हाइड्रेट करता है और दोमुंहे बालों को ठीक करने में मदद करता है। बालों को स्वस्थ बनाने का यह भी एक कारगर तरीका है। इसके लिए ताजा एलोवेरा जेल निकालकर बालों के सिरों पर लगाएं। इसे 30 मिनट तक लगा रहने दें और फिर धो लें। आप इसे हफ्ते में दो बार इस्तेमाल कर सकते हैं।