नीना गुप्ता ने एक पॉडकास्ट में कहा कि ज़्यादातर भारतीय मर्द अब भी 'वर्जिन' पत्नी चाहते हैं। उन्होंने शादी के बाद महिलाओं द्वारा झेली जाने वाली पितृसत्ता और उम्रदराज़ पुरुषों की सेक्स लाइफ पर भी बात की।

बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस नीना गुप्ता (Neena Gupta) वो शख्स हैं, जो दिल की बात बिना किसी लाग-लपेट के सीधे-सीधे बोल देती हैं। हाल ही में शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में उन्होंने कुछ ऐसी बातें कहीं जो थोड़ी चौंकाने वाली हैं। इनमें से एक बात भारतीय मर्दों की मानसिकता को लेकर थी। उनके मुताबिक, आज भी ज़्यादातर भारतीय मर्द शादी के लिए ऐसी लड़की चाहते हैं जो 'वर्जिन' हो। नीना कहती हैं कि ये कैसी अजीब सोच है, समझ नहीं आता।

नीना ने कहा, "आज भी भारत में ज़्यादातर मर्द 'वर्जिन' पत्नी चाहते हैं। समाज में क्या बदला है? लोग कैसे कहते हैं कि उनकी सोच खुली हुई है? औरतें आज भी सिर पर पल्लू रखकर ससुर के पैर छूती हैं। आप, मैं और हमारे जैसे लोग तो बहुत कम हैं, जो खुलकर बात करते हैं और अपनी तरह से जीते हैं। असली भारत तो कुछ और ही है।"

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय महिलाओं को आज भी अपने ससुराल में पितृसत्ता और पुरानी सोच का सामना करना पड़ता है। भले ही लोग कहें कि अब ज़माना बदल गया है, लेकिन असलियत कुछ और है। उन्होंने अपने ही परिवार के कुछ उदाहरण देते हुए बताया कि शादी के बाद महिलाओं को अपनी छोटी-छोटी इच्छाएं पूरी करने की भी आज़ादी नहीं मिलती।

नीना गुप्ता ने अपने परिवार का एक किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया, "मेरे पिता की एक रिश्तेदार की शादी मुंबई में एक बड़ी फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले लड़के से हुई। वो साईं बाबा की भक्त थी और अपने कमरे में उनकी तस्वीर रखती थी। लेकिन उसकी सास ने वो तस्वीर हटवा दी और ज़बरदस्ती अपने गुरुजी की तस्वीर लगाने को कहा।"

एक और उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, "मेरे भाई की बेटी को उसकी सास ने बेडसाइड टेबल पर अपने परिवार की फोटो तक नहीं रखने दी। महिलाओं की सोच में असली बदलाव आने में अभी बहुत वक़्त लगेगा।"

नीना गुप्ता 30 साल की उम्र में बेटी मसाबा गुप्ता (Masaba Gupta) की मां बनी थीं। उन्होंने अकेले ही मसाबा की परवरिश की। नीना कहती हैं कि सिंगल मदर बनने का फैसला उनकी ज़िंदगी में तो सही साबित हुआ, लेकिन वो हर किसी को इसकी सलाह नहीं देंगी।

'उम्रदराज़ मर्द ये काम ज़्यादा करते हैं!'

इसी पॉडकास्ट में उम्रदराज़ लोगों की इंटीमेसी और सेक्स लाइफ पर भी बात हुई। शुभंकर ने एक सेक्सोलॉजिस्ट का ज़िक्र करते हुए कहा कि "उम्रदराज़ लोग बहुत ज़्यादा सेक्स करते हैं।" ये सुनकर नीना हैरान हो गईं और मज़ाक में पूछा, "क्या सच में? उम्रदराज़ लोग ज़्यादा सेक्स करते हैं?" लेकिन फिर उन्होंने बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, "हां, लेकिन वो ये अपनी पत्नी के साथ नहीं करते। मैंने ऐसे कई केस देखे हैं।" उन्होंने एक कड़वी सच्चाई भी बताई कि जब वो यूनिवर्सिटी में पढ़ती थीं, तो बस में महिलाओं को गलत तरीके से छूने वाले ज़्यादातर उम्रदराज़ मर्द ही होते थे।

नीना गुप्ता की अपनी ज़िंदगी भी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। उन्होंने पहली शादी 1977 में अमलन कुसुम घोष से की, जो ज़्यादा दिन नहीं चली। इसके बाद 1980 के दशक में उनका वेस्ट इंडीज़ के क्रिकेटर सर विवियन रिचर्ड्स के साथ अफेयर रहा, जो पहले से शादीशुदा थे। दोनों ने शादी नहीं की और उनकी एक बेटी मसाबा गुप्ता हुईं। नीना ने बड़ी हिम्मत से मसाबा को अकेले पाला। कई साल अकेले रहने के बाद, नीना गुप्ता ने 2008 में दिल्ली के चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक मेहरा से शादी की।