कॉमिक कॉन मेक्सिको 2026 में प्रोड्यूसर एस. एस. कार्तिकेय ने फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म में रामायण से जुड़ा करीब 20 मिनट का अहम हिस्सा होगा। महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज स्टारर इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर ग्लोबल लेवल पर जबरदस्त बज बना हुआ है।

एस. एस. राजामौली की मेगा फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर एक्साइटमेंट लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में एस. एस. कार्तिकेय ने Comic Con Experience Mexico 2026 में इस प्रोजेक्ट से जुड़ा बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म में 'रामायण' का अहम हिस्सा दिखाया जाएगा, जो करीब 20 मिनट का होगा। महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बड़े सितारों से सजी यह फिल्म पहले ही अपने लुक्स और ग्लिम्प्स के जरिए चर्चा में है और अब इस नए अपडेट ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

कॉमिक कॉन में बड़ा खुलासा: 'वाराणसी' में होगा ‘रामायण’से जुड़ा खास हिस्सा

एस. एस. कार्तिकेय ने कॉमिक कॉन एक्सपीरियंस मेक्सिको 2026 में बातचीत के दौरान कहा, “हमने भारत और मेक्सिको की कहानियों में कई समानताएं देखी हैं। जैसे वहां की कहानियां एज़्टेक और मयान सभ्यता से निकलती हैं, वैसे ही भारत में हम रामायण और महाभारत से प्रेरणा लेते हैं। ‘वाराणसी’ में रामायण के करीब 20 मिनट हैं, इसलिए यह कहानी दुनियाभर के दर्शकों को जोड़ पाएगी।” उनके इस बयान के बाद साफ हो गया है कि फिल्म सिर्फ एक विजुअल स्पेक्टेकल नहीं, बल्कि सांस्कृतिक गहराई से भी भरपूर होगी।

भारत-मेक्सिको कनेक्शन, दर्शकों से जुड़ने की कोशिश

कार्तिकेय ने मेक्सिको में मिले रिस्पॉन्स को लेकर कहा, “मेक्सिको सिटी आकर ऐसा लगा जैसे अपने ही देश में हूं। यहां के लोग, उनका खाना और मसाले—सब कुछ बेहद अपनापन देने वाला है। परिवार की जो अहमियत यहां के लोग मानते हैं, वही भाव हमारी फिल्म ‘वाराणसी’ में भी दिखेगा।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि फिल्म की कहानी में फैमिली वैल्यू और इमोशनल कनेक्शन अहम भूमिका निभाएंगे, जो इंटरनेशनल ऑडियंस को भी आसानी से जोड़ पाएंगे।

स्टार कास्ट के लुक्स से बढ़ा बज, रिलीज डेट भी लॉक

फिल्म में महेश बाबू ‘रुद्र’, पृथ्वीराज सुकुमारन ‘कुंभा’ और प्रियंका चोपड़ा जोनस ‘मंदाकिनी’ के रोल में नजर आएंगे। इनके फर्स्ट लुक पहले ही सोशल मीडिया पर छा चुके हैं। फिल्म का शुरुआती ग्लिम्प्स Le Grand Rex में दिखाया गया था, जहां इसे जबरदस्त तालियां और रिस्पॉन्स मिला। लगभग 1400 करोड़ रुपए के बजट में बन रही यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को बड़े स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।