धुरंधर फ्रैंचाइजी ने हिंदी सिनेमा में नया इतिहास रच दिया है। दोनों फिल्मों ने 1000 करोड़ क्लब में एंट्री लेकर नया रिकॉर्ड बनाया है। धुरंधर 2 ने सिर्फ 8 दिनों में 1100 करोड़ कमाकर बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया है। इसके साथ ही इस फ्रैंचाइजी ने बाहुबली, केजीएफ और पुष्पा को पीछे छोड़ दिया है।
Dhurandhar Box Office History: डायरेक्टर आदित्य धर की फ्रेंचाइजी 'धुरंधर' ने हिंदी सिनेमा पर गहरा असर डाला है। इस फिल्म के दोनों पार्ट ने 1000 करोड़ क्लब में एंट्री के साथ एक नया इतिहास रच दिया है। बता दें कि आदित्य धर, जिन्होंने पहले ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ से अपनी पहचान बनाई थी, अब धुरंधर फ्रैंचाइजी के साथ फिल्ममेकिंग के नए मानक स्थापित कर चुके हैं।
बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक शुरुआत और रिकॉर्डतोड़ कमाई
दिसंबर 2025 में रिलीज हुई धुरंधर की पहली फिल्म से बहुत बड़ी उम्मीदें नहीं थीं, लेकिन इसने इतिहास रच दिया। यह फिल्म 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली पहली भारतीय A-रेटेड फिल्म बनी। अपने पूरे रन में इसने दुनिया भर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की।
धुरंधर 2 का धमाकेदार ओपनिंग वीक
पहले पार्ट की कामयाबी के बाद दर्शकों में सीक्वल को लेकर जबरदस्त उत्साह था। कई सवालों के जवाब जानने के लिए लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। धुरंधर 2 ने इस उम्मीद पर खरा उतरते हुए ऐतिहासिक शुरुआत की और अपने 8 दिनों के एक्सटेंडेड ओपनिंग वीक में लगभग 1100 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया।
1000 करोड़ क्लब में दो फिल्मों वाली पहली फ्रैंचाइजी
'धुरंधर' फ्रैंचाइज़ी ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो पहले किसी भारतीय फिल्म सीरीज ने हासिल नहीं किया था। इसकी दोनों फिल्मों ने 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है, जिससे यह पहली भारतीय फ्रैंचाइजी बन गई है जिसके पास दो 1000 करोड़ी फिल्में हैं।
बाहुबली, KGF और पुष्पा से आगे निकली धुरंधर
चाहे ‘बाहुबली’, ‘KGF’ या ‘पुष्पा’ जैसी बड़ी फ्रैंचाइजी क्यों न हों, अभी तक कोई भी दो फिल्मों के साथ 1000 करोड़ क्लब में नहीं पहुंच पाई थी। धुरंधर ने इस असंभव लगने वाले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए, धुरंधर 2 के 2000 करोड़ क्लब में पहुंचने की भी पूरी संभावना है।
स्टार कास्ट, डायरेक्शन और बजट
इस फ्रैंचाइजी की दोनों फिल्मों का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। फिल्म का निर्माण आदित्य धर, लोकेश धर और ज्योति देशपांडे ने ‘B62 Studios’ और ‘Jio Studios’ के तहत किया है। कुल बजट (प्रमोशन सहित) लगभग 450 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं।


