वो मुस्लिम स्टार, जिसकी एंट्री पर पाकिस्तान ने लगाया था बैन, जानिए वजह
बॉलीवुड के दिग्गज स्टार फ़िरोज़ खान को गुजरे 16 साल हो गए हैं। 27 अप्रैल 2009 को लंग कैंसर से उनका इंतकाल हो गया था। फ़िरोज़ खान बॉलीवुड के वो स्टार थे, जो अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते थे और इसी बेबाकी की वजह से पाकिस्तान ने उनकी एंट्री पर बैन लगाया था।
- FB
- TW
- Linkdin
Follow Us
)
यह फ़िरोज़ खान के निधन से 3 साल पहले 2006 की बात है। वह भी अप्रैल का ही महीना था। फ़िरोज़ अपने भाई अकबर खान की फिल्म 'ताज महल' के प्रमोशन के लिए पाकिस्तान गए थे और लाहौर में उन्होंने एक पाकिस्तानी न्यूज पेपर को ऐसा बयान दिया था, जो वहां की सरकार को खटक गया था।
फ़िरोज़ खान से भारत में मुसलमानों की स्थित पर कमेंट मांगा गया था। इसके जवाब में उन्होंने कहा था, "मैं एक प्राउड इंडियन हूं। भारत सेकुलर मुल्क है। वहां के मुस्लिम खूब तरक्की कर रहे हैं। हमारा राष्ट्रपति मुस्लिम (एपीजे अब्दुल कलाम) है। प्रधानमंत्री सिख (डॉ. मनमोहन सिंह) है। पाकिस्तान इस्लाम के नाम पर बना। लेकिन देखो कैसे यहां मुस्लिम ही मुस्लिम को काट रहा है।"
फ़िरोज़ खान यहीं नहीं रुके थे। उन्होंने कहा था, "मैं यहां खुद नहीं आया हूं। मुझे बुलाया गया है। हमारी फ़िल्में इतनी पावरफुल होती हैं कि पाकिस्तानी सरकार उन्हें देर तक नहीं रोक सकती।"
फ़िरोज़ खान का बयान उस वक्त पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ को नगबार गुजरा और उन्होंने फ़िरोज़ खान की देश में एंट्री पर बैन का ऐलान कर दिया। एक प्राइवेट टीवी चैनल ने उस वक्त खबर चलाई थी, जिसमें कहा गया था, "भविष्य में फ़िरोज़ खान की पाकिस्तान में एंट्री पर बैन। पाक राष्ट्रपति का फैसला दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन को बता दिया गया है।"
पाकिस्तान द्वारा दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन को भेजे गए नोटिस में लिखा था, 'राष्ट्रपति भवन ने फ़िरोज़ खान के उस बयान पर संज्ञान लिया है, जिसे भारतीय और पाकिस्तानी मीडिया ने व्यापक रूप से कवर किया है। संबंधित अधिकारियों को खान को ब्लैकलिस्ट में डालने और उनकी पाकिस्तान में एंट्री पर बैन लगाने का निर्देश दिया गया है।"
इस घटना के बाद फ़िरोज़ खान अपनी जिंदगी के आखिरी तीन साल में पाकिस्तान नहीं जा पाए थे। बता दें कि फ़िरोज़ खान के साथ उस वक्त पाकिस्तानी दौरे पर उनके भाई अकबर खान, संजय खान के आलावा पहलाज निहलानी, फरदीन खान, श्याम श्रॉफ, शत्रुघ्न सिन्हा, महेश भट्ट, विकास मोहन, मनीषा कोइराला और अन्य लोग थे। इस यात्रा के दौरान एक इवेंट में एंकर ने मनीषा कोइराला पर आपत्तिजनक कमेंट किया था, जिसे फ़िरोज़ खान बर्दाश्त नहीं कर पाए थे।
दरअसल, एक्टर फख्र-ए-आजम ने मनीषा पर कमेंट करते हुए कहा था कि आप तो कांप रही हैं। इसलिए मैं आपसे कुछ नहीं पूछूंगा। मनीषा तो इस इस पर कुछ ना कह सकीं, लेकिन फ़िरोज़ ने एंकर को चेतावनी दी कि अगर तत्काल उसने एक्ट्रेस से माफ़ी ना मांगी तो अंजाम अच्छा नहीं होगा।