शाहरुख खान और अक्षय कुमार, दोनों ही बॉलीवुड के सुपरस्टार हैं। दोनों एक्टर पिछले 35 साल से फिल्म इंडस्ट्री पर राज कर रहे हैं। अक्षय और शाहरुख की एक्टिंग, स्टाइल और अपना एक अलग अंदाज है। हालांकि, बॉलीवुड के एक बड़े फिल्ममेकर ने किंग खान पर सबसे बड़ा खुलासा करते हुए उनकी एक कमजोरी भी बताई है।
मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर प्रियदर्शन ने हाल ही में शाहरुख खान और अक्षय कुमार के ऑन-स्क्रीन किरदारों को लेकर अपनी राय शेयर की। उन्होंने बताया कि दोनों एक्टर्स का अपना अलग स्टाइल है, जो यह तय करता है कि वे किस तरह के रोल को कितनी अच्छी तरह निभा सकते हैं।
अक्षय कुमार की खासियत: आम आदमी के किरदार में फिट
प्रियदर्शन ने खास तौर पर अक्षय कुमार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अक्षय की सबसे बड़ी ताकत यह है कि वह एक आम आदमी के किरदार में पूरी तरह ढल जाते हैं। अक्षय की बॉडी लैंग्वेज और चलने का तरीका बेहद साधारण लगता है। फिल्म 'खट्टा मीठा' का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि उस फिल्म में अक्षय स्ट्रगल कर रहे एक सड़क ठेकेदार के किरदार में बिल्कुल रियल लगे थे। प्रियदर्शन के मुताबिक, कई एक्टर्स का अंदाज काफी स्टाइलिश होता है, लेकिन अक्षय एक आम इंसान की तरह दिखते और व्यवहार करते हैं। चूंकि उनका पालन-पोषण भी साधारण माहौल में हुआ है, इसलिए वह आम लोगों की छोटी-छोटी बातों को अच्छी तरह पकड़ते हैं।
शाहरुख खान के लिए चुनौती बना उनका ये अंदाज
दूसरी तरफ, शाहरुख खान के बारे में प्रियदर्शन ने कहा कि उनका सधा हुआ और शहरी अंदाज कुछ किरदारों में बाधा बन सकता है। फिल्म बिल्लू के दौरान का एक किस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि वह शाहरुख को दक्षिण भारत के एक दूरदराज गांव में ले गए थे। वहां पहुंचकर शाहरुख ने हैरानी जताई कि ऐसी जगह उन्हें कैसे मिली। प्रियदर्शन ने बताया कि शाहरुख ने खुद कहा था कि वह गांव के माहौल से खुद को जोड़कर नहीं देख पाते, क्योंकि उनका पालन-पोषण शहर, खासकर दिल्ली में हुआ है प्रियदर्शन के मुताबिक, शाहरुख की बॉडी लैंग्वेज काफी सधी हुई और शहरी है, जिसकी वजह से उनके लिए गांव के किरदारों में पूरी तरह ढलना मुश्किल होता है।
फिल्मों में ‘आम जिंदगी’ का ह्यूमर
प्रियदर्शन ने अपने फिल्ममेकिंग स्टाइल के बारे में बात करते हुए कहा कि उनकी कहानियां अक्सर आम लोगों की जिंदगी और उनके संघर्षों से प्रेरित होती हैं। उन्होंने इसे 'जिदगी का ह्यूमर' या 'गरीबी का ह्यूमर' बताया। फिल्म हेराफेरी का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि यह फिल्म असल में गरीबी पर बेस्ड कॉमेडी है, जहां सभी किरदार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे होते हैं।
आने वाली फिल्म ‘भूत बंगला’ की तैयारी
इस बीच, प्रियदर्शन अपनी अगली फिल्म 'भूत बंगला' की रिलीज की तैयारी में लगे हुए हैं। इस फिल्म में अक्षय कुमार लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म में परेश रावल, राजपाल यादव, तब्बू और वामिका गब्बी भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। यह फिल्म 16 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


