एक्टर अभिषेक बच्चन ने एक चौंकाने वाली बात बताई है कि उनकी 14 साल की बेटी आराध्या के पास अपना पर्सनल मोबाइल फोन नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि वो और ऐश्वर्या राय कैसे अपनी बेटी को तलाक की अफवाहों से दूर रखते हैं और उसे फोन न देने के पीछे क्या वजह है।

आजकल तो पैदा होते ही बच्चे के हाथ में मोबाइल फोन दिख जाता है। इसकी वजह खुद मां-बाप होते हैं। बच्चों को फोन देकर बिठा दो, तो वे अपना काम आराम से कर सकते हैं। बच्चा ज़रा सी ज़िद करे, तो उसे शांत कराने के लिए फोन थमा दिया जाता है। खुद टीवी पर सीरियल देखना हो तो बच्चे डिस्टर्ब न करें, इसलिए उन्हें फोन देकर बैठाना आम बात हो गई है। बाद में जब पता चलता है कि बच्चे फोन पर कुछ-से-कुछ देख रहे हैं, तो वही मां-बाप फोन को कोसते हैं और बच्चों के हाथ से फोन छीनकर उन्हें डिप्रेशन में धकेल देते हैं।

14 साल की आराध्या

लेकिन, इस बीच ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन की बेटी आराध्या बच्चन को लेकर एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। अभिषेक ने खुद खुलासा किया है कि उनकी बेटी के पास अपना फोन नहीं है। आराध्या अब 14 साल की हो चुकी है, लेकिन अब तक उसे मोबाइल फोन नहीं दिया गया है। अभिषेक ने बताया कि आराध्या के पास अपना फोन नहीं है, लेकिन होमवर्क के लिए वह घर का वाई-फाई इस्तेमाल करती है। अगर दोस्तों को कॉल करना हो, तो घर में दूसरे फोन मौजूद हैं।

तलाक की अफवाहों का बेटी पर असर

पीपिंग मून को दिए एक हालिया इंटरव्यू में एक्टर अभिषेक बच्चन ने अपनी पर्सनल लाइफ और परिवार के बारे में खुलकर बात की। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन के बीच तलाक की अफवाहें उनकी 14 साल की बेटी आराध्या बच्चन को परेशान करती हैं, तो अभिषेक ने जवाब दिया, "मुझे लगता है कि वह इन अफवाहों पर ध्यान नहीं देती है। उसे इनमें कोई दिलचस्पी नहीं है, क्योंकि वह ऐसी उड़ती हुई खबरों पर यकीन नहीं करती।" उन्होंने आगे बताया कि आराध्या को उसकी मां (ऐश्वर्या) ने सिखाया है कि किसी भी बात पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए।

कोई पर्सनल फोन नहीं

अभिषेक बच्चन ने खुलासा किया कि 14 साल की होने के बावजूद आराध्या के पास अपना कोई पर्सनल फोन नहीं है। उन्होंने साफ किया, "अगर उसके दोस्तों को उससे संपर्क करना होता है, तो वे उसकी मां के फोन पर कॉल करते हैं। हमने यह फैसला बहुत पहले ही कर लिया था। हालांकि, आराध्या के पास इंटरनेट का एक्सेस है, लेकिन वह इसका इस्तेमाल ज्यादातर अपने स्कूल के होमवर्क और रिसर्च के लिए ही करती है।"

सिनेमा के लिए सम्मान

अपनी बेटी आराध्या के बारे में आगे बात करते हुए अभिषेक ने कहा, "ऐश्वर्या ने आराध्या के मन में फिल्म इंडस्ट्री और अपने काम के प्रति बहुत सम्मान पैदा किया है। ऐश्वर्या ने उसे सिखाया है कि हम जो कुछ भी हैं, वह फिल्मों और दर्शकों की वजह से हैं।" हालांकि कई लोग कमेंट कर रहे हैं कि शायद बेटी को फोन इसलिए नहीं दिया गया है ताकि वह अपने माता-पिता के बारे में छपने वाली ऊल-जलूल खबरों को पढ़कर परेशान न हो। वहीं, कई लोग इस फैसले की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि जब सेलिब्रिटी के बच्चे ऐसे रह सकते हैं, तो आम लोग पैदा होते ही बच्चों के हाथ में फोन थमाकर उन्हें क्यों बिगाड़ रहे हैं।