डॉलर के मुकाबले रुपये में 12 साल की सबसे बड़ी एक-दिवसीय रिकवरी हुई। RBI की पाबंदियों के बाद यह 152 पैसे मजबूत होकर 93.18 पर बंद हुआ। यह पिछले 12 वर्षों में रुपये की सबसे बड़ी बढ़त है।

मुंबई: डॉलर के मुकाबले लगातार गिर रहे रुपये ने गुरुवार को ज़बरदस्त वापसी की। एक ही दिन में रुपये की कीमत 152 पैसे बढ़ गई और यह 93.18 पर बंद हुआ। आपको बता दें कि पिछले 12 सालों में यह पहला मौका है, जब रुपये में एक दिन के अंदर इतनी बड़ी रिकवरी देखने को मिली है।

कई पाबंदियों का असर

जानकारों का कहना है कि भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने करेंसी बाज़ार में रुपये की ट्रेडिंग को लेकर बैंकों पर कुछ पाबंदियां लगाई हैं। इसी वजह से घरेलू करेंसी में यह मजबूती आई है।

94.62 पर शुरू हुआ था कारोबार

गुरुवार को इंटर-बैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया डॉलर के मुकाबले 94.62 पर खुला था। कारोबार के दौरान यह 188 पैसे तक चढ़कर 92.82 के स्तर पर भी पहुंचा। आखिर में, दिन का कारोबार खत्म होने पर यह 93.18 पर बंद हुआ। इस तरह, डॉलर के मुकाबले रुपये में एक ही दिन में 1.6% की बढ़त दर्ज की गई।