- Home
- Business
- 1 अप्रैल से बदल जाएंगे ये 10 बड़े नियम: टैक्स से लेकर टोल और LPG से ट्रेन टिकट तक में बड़ा बदलाव
1 अप्रैल से बदल जाएंगे ये 10 बड़े नियम: टैक्स से लेकर टोल और LPG से ट्रेन टिकट तक में बड़ा बदलाव
New Rules From 1st April 2026: बुधवार से नया फाइनेंशियल ईयर शुरू हो रहा है। इसी के साथ आपकी जिंदगी से जुड़ी कई चीजें बदलने वाली हैं। बैंक से बाजार और रसोई से सड़क तक, 10 ऐसे बदलाव हो रहे हैं जो सीधे आपकी जेब पर असर डालेंगे। जानिए क्या-क्या बदल रहा है

कमाई और टैक्स: अब ₹12.75 लाख तक कोई टेंशन नहीं
नए वित्त वर्ष में टैक्स के नियम काफी राहत देने वाले हैं। अगर आपकी सालाना कमाई ₹12.75 लाख तक है (सैलरीड पर्सन के लिए), तो अब आपको ₹1 भी टैक्स नहीं देना होगा। दूसरों के लिए यह लिमिट ₹12 लाख है। इस बार रिटर्न भरते समय आप इस नए सिस्टम का फायदा उठा सकेंगे।
ITR भरना हुआ और भी आसान
इनकम टैक्स विभाग ने पुराने फॉर्म 16 और 16A की जगह फॉर्म 130 और 131 पेश किए हैं। इन फॉर्म में आपकी कमाई और टैक्स छूट का पूरा ब्यौरा बहुत बारीकी से होगा। इससे गलती होने का चांस कम होगा और आपका काम जल्दी निपट जाएगा।
PNB ग्राहकों के लिए कैश निकालने की नई लिमिट
अगर आपका खाता पंजाब नेशनल बैंक में है, तो नए नियम के अनुसार, पीएनबी के साधारण (क्लासिक) डेबिट कार्ड से अब एक दिन में सिर्फ ₹25,000 ही निकलेंगे। प्लेटिनम कार्ड वालों के लिए यह लिमिट ₹50,000 होगी। ज्यादा कैश चाहिए तो अब बैंक ब्रांच जाना होगा।
पैन कार्ड बनवाना अब थोड़ा अलग
नया पैन कार्ड बनवाते समय अब आधार कार्ड को जन्म तारीख (Date of Birth) के प्रूफ के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। अब आपको इसके लिए 10वीं की मार्कशीट या जन्म प्रमाण पत्र देना होगा। आधार अब सिर्फ आपके पते (Address Proof) के काम आएगा।
रेलवे टिकट कैंसिल करना हुआ थोड़ा 'कठोर'
ट्रेन से सफर करने वालों के लिए नियम बदल गया है। अब ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले तक टिकट कैंसिल करने पर ही रिफंड मिलेगा। पहले यह समय 4 घंटे था। हालांकि, अब आप ट्रेन चलने के 30 मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदल सकते हैं।
फ्लाइट किराया बढ़ सकता है
हर महीने की 1 तारीख की सुबह कंपनियां हवाई ईंधन (ATF) के दाम भी जारी करती हैं। इसके दाम बढ़ने से फ्लाइट की टिकटें भी महंगी हो सकती हैं। इजराइल-ईरान जंग के बीच इस बार इसके महंगे होने की आशंका है।
FASTag पास महंगा हुआ
हाईवे पर सफर अब आपकी जेब पर थोड़ा और भारी पड़ेगा। एनुअल पास की कीमतों में 2.5% की बढ़ोतरी कर दी गई है। यानी जो पास ₹3000 का था, अब उसके लिए आपको ₹3075 देने होंगे।
टोल प्लाजा पर अब 'कैश' बंद हो रहा
अब टोल पर कैश देकर निकलना मुश्किल होगा। सभी टोल प्लाजा पर कैश लेनदेन पूरी तरह बंद किया जा रहा है। अब सिर्फ फास्टैग या UPI से ही पेमेंट होगा। अगर फास्टैग में बैलेंस नहीं है, तो तैयार रहिए, क्योंकि कैश का ऑप्शन खत्म हो रहा है।
रसोई गैस की कीमतें बदल सकती हैं
हर महीने की 1 तारीख को तेल कंपनियां रेट तय करती हैं। आशंका है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो बाहर खाना खाना महंगा हो जाएगा। पिछले कुछ समय से देश में एलपीजी की किल्लतें चल रही हैं।
नई कार खरीदना पड़ेगा महंगा
अगर आप नई गाड़ी लेने का सोच रहे हैं, तो कल यानी 31 मार्च तक बिल कटवा लें। 1 अप्रैल से कार और ट्रक जैसी गाड़ियों के दाम 2% से 3% तक बढ़ रहे हैं। गाड़ी की कीमत तो बढ़ेगी ही, साथ ही 1 अप्रैल से नई गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन और अन्य चार्जेस भी बढ़ जाएंगे। यानी देरी करने पर आपको हजारों रुपयों का एक्स्ट्रा बोझ सहना पड़ सकता है।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।

