सार

Forex Reserve Latest Data: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 692.721 अरब डॉलर हुआ, गोल्ड रिजर्व में भी इज़ाफ़ा। पाकिस्तान के मुकाबले भारत का रिजर्व 60 गुना से अधिक।

India Forex Reserve Latest Update: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। रिजर्व बैंक द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 23 मई को खत्म हुए हफ्ते के दौरान भारत का फॉरेक्स रिजर्व 6.992 अरब डॉलर बढ़कर 692.721 अरब डॉलर पहुंच गया है। इससे पहले यानी 16 मई को खत्म हुए हफ्ते में देश का देश का विदेश मुद्रा भंडार 685.729 अरब डॉलर था। बता दें कि भारत का फॉरेक्स रिजर्व पाकिस्तान से 60 गुना से भी ज्यादा है। 

भारत के गोल्ड रिजर्व में भी बढ़ोतरी

रिजर्व बैंक के मुताबिक, 23 मई को खत्म हुए हफ्ते के दौरान भारत के गोल्ड रिजर्व में भी 2.366 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई और इसके साथ ही ये 83.582 अरब डॉलर हो गया है। स्पेशल डेट राइट्स (SDR) 81 मिलियन डॉलर बढ़कर 18.571 अरब डॉलर पहुंच गया है।

IMF के पास रखे रिजर्व में भी इजाफा

रिजर्व बैंक ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष यानी IMF के पास रखे रिजर्व में भी इजाफा हुआ है और ये 30 मिलियन डॉलर बढ़कर 4.401 अरब डॉलर हो गया है। इसके अलावा विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 4.516 मिलियन डॉलर बढ़कर 586.167 अरब डॉलर हो गई।

पाकिस्तान से कितने गुना ज्यादा है भारत का विदेशी मुद्रा भंडार

स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (SBP) द्वारा बीते गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 23 मई तक पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार 11.516 अरब डॉलर है। यानी पाकिस्तान की तुलना में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 60 गुना से भी ज्यादा है।

दुनिया के 5 सबसे ज्यादा फॉरेक्स रिजर्व वाले देश

दुनिया में सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार चीन के पास है। उसका कुल फॉरेक्स रिजर्व 3591 अरब डॉलर है। दूसरे नंबर पर जापान है, जिसके पास 1238 अरब डॉलर का फॉरेक्स रिजर्व है। तीसरे नंबर पर स्विट्जरलैंड आता है और उसके पास 952 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार है। वहीं, चौथे नंबर पर 692 अरब डॉलर के साथ भारत है। पांचवे नंबर पर रूस है, जिसके पास 620 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार मौजूद है।