Pahalgam Attack: आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान से आयात पर पूरी तरह से रोक लगा दी है, जिससे पाकिस्तान को भारी आर्थिक नुकसान होने की संभावना है। भारत ने तीसरे देशों से भी पाकिस्तानी सामानों के आयात पर रोक लगा दी है।

India ban import from Pakistan: 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम (Pahalgam Attack) में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए हैं। पाकिस्तान से होने वाले आयात पर रोक लगा दी है। किसी तीसरे देश से भी कोई पाकिस्तानी सामान भारत आयात नहीं हो सकता। इससे पाकिस्तान को बड़ा आर्थिक झटका लगा है। उसके करीब 500 मिलियन डॉलर (4213 करोड़ रुपए) के सामान को भारत ने आयात होने से रोका है।

कम होता गया भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापार

अप्रैल 2024 से जनवरी 2025 के दौरान भारत ने पाकिस्तान से 3.54 करोड़ रुपए का सामान आयात किया। इसमें मुख्य रूप से पौधे, बीज, खजूर, अंजीर और मानचित्र अर्क शामिल हैं। वहीं, 2023 में भारत ने पाकिस्तान से 170 करोड़ रुपए से अधिक का सामान मंगाया था।

पुलवामा आतंकी हमला के बाद भारत ने 2019 में पाकिस्तानी उत्पादों पर 200% शुल्क लगाया था। इसके बाद से दोनों देशों के बीच व्यापार संबंध खराब हुए। अगस्त 2019 में भारत द्वारा जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने के बाद उस समय पाकिस्तान के पीएम रहे इमरान खान ने भारत के साथ व्यापार संबंधों को रोक दिया था। द्विपक्षीय व्यापार की मात्रा 2019 में 2.5 बिलियन डॉलर (21081 करोड़ रुपए) से घटकर 2024 में लगभग 1.2 बिलियन डॉलर (10113 करोड़ रुपए) हो गई।

पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद टैरिफ बढ़ाने और MFN का दर्जा वापस लेने से पाकिस्तान से भारत में सीधा आयात घट गया। यह 2018-19 में लगभग 500 मिलियन डॉलर (4213 करोड़ रुपए) से घटकर 2023-24 में 40,451,520 रुपए रह गया है। TOI की रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक प्रभावित उत्पादों में बागवानी उत्पाद, सीमेंट, नमक और सूती धागा शामिल हैं। इनका व्यापार अब तक अन्य देशों के माध्यम से होता रहा है। भारत ने अब तीसरे देशों से भी पाकिस्तानी सामानों के आयात होने पर रोक लगा दी है। इससे करीब 4213 करोड़ रुपए के पाकिस्तान सामानों का भारत में आना रुक गया है।

अब इसका सीधा असर क्या होगा?

थिंक टैंक GTRI के संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने बताया है कि भारत-और पाकिस्तान के बीच कारोबार बंद होने का असर पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाला है। पाकिस्तान को अभी भी भारतीय प्रोडक्ट चाहिए। वह आधिकारिक या अनाधिकारिक तरीके से तीसरे देश से ये सामान मंगाएगा।

दूसरी ओर पाकिस्तान से भारत का पहले से ही नगण्य आयात अब शून्य हो जाएगा। सेंधा नमक के अलावा भारत को पाकिस्तान से आने वाले किसी चीज की कमी महसूस नहीं होगी। सेंधा नमक पाकिस्तान के नमक भंडारों से निकाला जाता है।