Forbes World Billioanires List 2025: मुंबई में 67 अरबपति हैं, जिनकी कुल संपत्ति $349 अरब है। फोर्ब्स 2025 की सूची में मुंबई दुनिया का छठा सबसे अमीर शहर है, अंबानी और अडानी टॉप पर बने हुए हैं।

Forbes Billionaires List 2025: भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई अब भी देश के अरबपतियों की राजधानी बना हुआ है। फोर्ब्स की 2025 वर्ल्ड बिलियनेयर लिस्ट के मुताबिक, मुंबई में कुल 67 अरबपति हैं, जिनकी कुल संपत्ति 349 अरब डॉलर है। इसके साथ ही मुंबई दुनिया का छठा सबसे ज्यादा अरबपतियों वाला शहर भी है। अरबपतियों की संख्या और पैसा इकट्ठा करने के मामले में ये शहर दिल्ली और बेंगलुरु जैसे दूसरे भारतीय महानगरों से काफी आगे है।

दो पायदान नीचे खिसका मुंबई

अरबपतियों की संख्या के मामले में मुंबई शहर पिछले साल की तुलना में दो पायदान नीचे खिसका है। 2 अरबपतियों के बाहर निकलने की वजह से लंदन और बीजिंग ने इसे पछाड़ दिया है। अब ये चौथे नंबर से फिसलकर छठे नंबर पर आ गया है। बावजूद इसके, 2025 में मुंबई शहर में 6 नए अरबपति शामिल हुए हैं। इसमें दोशी परिवार के 4 सदस्य वीरेन, किरीट, पंकज और हितेश दोशी शामिल हैं, जिन्होंने अक्टूबर 2024 में अपनी कंपनी वारी इंडस्ट्रीज के चलते खूब सुर्खियां बटोरीं।

अंबानी-अडानी अब भी टॉप-2 में शामिल

देश के दो सबसे अमीर मुकेश अंबानी और गौतम अडानी फोर्ब्स की बिलियनेयर लिस्ट 2025 में इस साल भी टॉप-2 में हैं। रियलटाइम बिलियनेयर लिस्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 115.9 अरब डॉलर है और वो भारत के पहले और दुनिया के 15वें सबसे अमीर शख्स हैं। वहीं, गौतम अडानी 68 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ देश के दूसरे और दुनिया के 22वें सबसे अमीर शख्स हैं।

न्यूयॉर्क में रहते हैं दुनिया के सबसे ज्यादा अरबपति

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में दुनिया के सबसे ज्यादा अरबपति रहते हैं। फोर्ब्स 2025 की वर्ल्ड बिलियनेयर लिस्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क सिटी में 123 अरबपति हैं, जिनकी कुल संपत्ति 759 अरब डॉलर है। 2021 को छोड़ दें तो पिछले 12 सालों से न्यूयॉर्क अरबपतियों के मामले में लगातार दुनिया का अव्वल शहर बना हुआ है। सिर्फ 2021 में बीजिंग इस लिस्ट में टॉप पर आया था।

3028 अरबपतियों में से एक चौथाई सिर्फ 10 देशों में

ग्लोबल लेवल पर देखें तो दुनियाभर के 3028 अरबपतियों में से करीब एक चौथाई बिलियनेयर 6 देशों के 10 शहरों में रह रहे हैं। टॉप-10 शहरों में सबसे ज्यादा तीन अमेरिका के हैं। इसके अलावा चीन के दो शहर शामिल हैं। मजबूत बिजनेस इकोसिस्टम, इन्वेस्टर फ्रेंडली पॉलिसीज और संपन्न उद्योगों के चलते ये अरबपति इन देशों की तरफ आकर्षित होते हैं।

2025: अरबपतियों के मामले में दुनिया के टॉप-10 शहर

रैंकिंग

शहर

अरबपतियों की संख्या 

अरबपतियों की कुल नेटवर्थ

1.न्यूयॉर्क123759 अरब डॉलर
2.मास्को90409 अरब डॉलर
3.हांगकांग72309 अरब डॉलर
4.लंदन71355 अरब डॉलर
5.बीजिंग68273 अरब डॉलर
6.मुंबई67349 अरब डॉलर
7.सिंगापुर60259 अरब डॉलर
8.सैन फ्रांसिस्को58217 अरब डॉलर
9.शंघाई58198 अरब डॉलर
10.लॉस एंजिलिस56243 अरब डॉलर