LPG Crisis Solution: ईरान जंग की वजह से देश में LPG की भारी किल्लत है और लोग घंटों लाइनों में लगे हैं। ऐसे में बायोगैस आपके लिए बड़ी राहत बन सकता है। इसका सेटअप आप अपने घर पर भी लगा सकते हैं। इसमें ज्यादा खर्च भी नहीं आता है और सरकार मदद भी करती है। जानिए स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस...
Free Cooking Gas: ईरान और इजराइल-अमेरिका की जंग ने पूरी दुनिया को हिला दिया है, लेकिन सबसे बुरा असर हमारी रसोई पर पड़ रहा है। होर्मुज स्ट्रेट बंद होने की वजह से खाड़ी देशों से आने वाली गैस रुक गई है। हालांकि, 'शिवालिक' जैसे जहाज राहत लेकर आ रहे हैं, लेकिन अभी भी परेशानी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। अगर आप सिलेंडर की लंबी लाइनों और कालाबाजारी से परेशान हो चुके हैं, तो बायोगैस आपके लिए वरदान साबित हो सकती है। आइए जानते हैं कैसे आप घर के कचरे से खुद की गैस बना सकते हैं...
गैस संकट: आखिर क्यों मची है भगदड़?
जंग की वजह से खाड़ी देशों (UAE, कतर, सऊदी) के गैस प्लांट पर असर पड़ा है। भारत अपनी जरूरत की 60% गैस इन्हीं देशों से मंगाता है। घबराहट में लोग रोज 88 लाख सिलेंडर बुक कर रहे हैं, जबकि कंपनियों की क्षमता कम है। भारत को अपनी 90% विदेशी LPG के लिए जिस रास्ते (होर्मुज) की जरूरत है, वहां से अब इक्का-दुक्का जहाज ही निकल पा रहे हैं।
बायोगैस क्या है?
जैसे गाय-भैंस का गोबर सड़ने पर गैस छोड़ता है, वैसे ही आपके किचन का कचरा (सब्जी के छिलके, बचा हुआ खाना) भी गैस बनाता है। इसी गैस को एक टैंक में इकट्ठा करके पाइप के जरिए आपके चूल्हे तक पहुंचाया जाता है। इसे ही बायोगैस कहते हैं।
घर पर कैसे बनाएं फ्री गैस?
- अपनी रसोई से निकलने वाले आलू के छिलके, सड़ी सब्जियां, फलों के अवशेष और बचा हुआ बासी खाना एक जगह जमा करें।
- बाजार में अब पानी की टंकी जैसे रेडीमेड बायोगैस टैंक (डाइजेस्टर) मिलते हैं। आप 500 या 1000 लीटर की पुरानी टंकी से भी इसे बना सकते हैं।
- कचरे में थोड़ा पानी मिलाकर उसे टैंक के अंदर डालें।
- टैंक के अंदर ये कचरा सड़ता है और 'मिथेन' गैस बनाता है। एक पाइप के जरिए इस गैस को सीधे अपने बायोगैस वाले चूल्हे से जोड़ दें।
- इससे आपको फ्री गैस तो मिलेगी ही, साथ ही जो कचरा बचेगा वह आपके पौधों के लिए सबसे बेहतरीन खाद (Organic Fertilizer) बन जाएगा।
बायोगैस के 3 बड़े फायदे
- हर महीने सिलेंडर पर खर्च होने वाले 1000-1200 रुपए सीधे बचेंगे।
- न बुकिंग का झंझट, न डिलीवरी का इंतजार। आपकी अपनी गैस, आपके अपने घर में।
- घर का कचरा बाहर फेंकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पर्यावरण भी साफ रहेगा और चूल्हा भी जलेगा।
क्या सरकार मदद करती है?
भारत सरकार बायोगैस प्लांट लगाने के लिए भारी सब्सिडी देती है। यह सब्सिडी राष्ट्रीय बायोगैस और खाद प्रबंधन कार्यक्रम (NBMMP) के तहत दिया जाता है। अगर आप गांव में रहते हैं या आपके पास थोड़ी जगह है, तो आप सरकारी योजना का लाभ उठाकर बहुत कम खर्च में इसे लगवा सकते हैं।


