₹30,000 की सैलरी में 1 करोड़ का फंड: वो फॉर्मूला जो मिडिल क्लास को बना रहा करोड़पति!
Smart Money Tips: क्या आपको भी लगता है कि करोड़पति बनने के लिए किसी बड़े बिजनेस या लाखों सैलरी की जरूरत होती है? अगर हां, तो आप गलत हैं। जानिए 50-30-20 का वो नियम जो आपकी छोटी सी बचत को 1 करोड़ के बड़े फंड में बदल सकता है। जानिए कैसे...

50-30-20 का फॉर्मूला क्या है?
जब हम अपनी सैलरी का हिसाब लगाते हैं, तो अक्सर बजट बिगड़ जाता है। यहीं पर काम आता है दुनिया के सफल निवेशकों का सबसे पसंदीदा '50-30-20' नियम। इसका सीधा सा मतलब है कि आप अपनी 30,000 रुपए की सैलरी को तीन हिस्सों में इस तरह बांटें कि आपकी जरूरतें भी पूरी हों और भविष्य भी सुरक्षित रहे। इसमें सबसे पहले 15,000 रुपए यानी अपनी आधी सैलरी को घर की बेसिक जरुरतों के लिए अलग रख दें। इसके बाद जो 30% हिस्सा बचता है, यानी करीब 9,000 रुपए, उसे आप अपनी खुशियों और शौक जैसे बाहर खाना या घूमने-फिरने पर खर्च कर सकते हैं। आखिरी के 20% यानी 6,000 रुपए को आप सीधे निवेश कर 1 करोड़ का फंड बना सकते हैं।
6,000 रुपए की बचत से 1 करोड़ कैसे बनेगा?
अब आप सोच रहे होंगे कि सिर्फ 6,000 रुपए बचाकर कोई करोड़पति कैसे बन सकता है? इसका जवाब है 'कंपाउंडिंग की ताकत', जिसे अल्बर्ट आइंस्टीन ने दुनिया का आठवां अजूबा कहा था। अगर आप अपनी इस बचत को एक सही म्यूचुअल फंड (SIP) में डालते हैं और उम्मीद के मुताबिक वहां से सालाना 12% का रिटर्न मिलता है, तो समय के साथ यह काम करना शुरू कर देता है। शुरुआत के 10 सालों में आपको लगेगा कि पैसा धीरे बढ़ रहा है, लेकिन 15वें साल के बाद यह रकम रॉकेट की रफ्तार पकड़ लेती है।
1 करोड़ का फंड कब तक तैयार होगा?
लगातार 19 से 20 साल तक अगर इसी तरह निवेश जारी रखते हैं, तो यही छोटी सी रकम 1 करोड़ रुपए से भी ज्यादा का फंड तैयार कर सकती है। SIP कैलकुलेटर के अनुसार, 6,000 रुपए की रेगुलर एसआईपी 19वें साल में 1,01,73,234 रुपए हो सकती है। जिसमें आपका इन्वेस्टमेंट 36,83,532 रुपए और रिटर्न 64,89,702 तक का हो सकता है। इसमें सबसे अच्छी बात यह है कि जैसे-जैसे आपकी सैलरी बढ़ती है, अगर आप अपनी इस बचत की रकम को भी थोड़ा-थोड़ा बढ़ाते रहें, तो यह टारगेट आप और भी जल्दी हासिल कर सकते हैं।
3 गलतियां जो करोड़पति बनने से रोकती हैं
- लोगों को दिखाने के लिए महंगे फोन या बड़ी कार EMI पर लेना।
- निवेश का सही समय कल नहीं, आज है। 25 की उम्र में शुरू किया गया 2,000 रुपए, 35 की उम्र के 10,000 रुपए से ज्यादा कीमती होता है।
- सारा पैसा निवेश न करें कम से कम 6 महीने का खर्च बैंक में अलग रखें, ताकि मुसीबत में निवेश न तोड़ना पड़े।
SIP लगातार चलाने के लिए क्या करें?
अपनी बचत के कुछ हिस्से से इमरजेंसी फंड बनाएं। कई बार अचानक कोई मेडिकल इमरजेंसी या नौकरी जाने जैसी समस्या आती है और लोग अपना बरसों का निवेश तोड़ देते हैं। इससे कंपाउंडिंग का चक्र टूट जाता है और आप फिर से जीरो पर पहुंच जाते हैं। इसलिए कम से कम 6 महीने के खर्चे के बराबर पैसा बैंक में अलग रखें, ताकि आपका निवेश चलता रहे।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ जागरूकता और शिक्षा (Educational Purpose) के लिए है। इसमें बताए गए आंकड़े और कैलकुलेशन केवल उदाहरण के तौर पर हैं, जो बाजार के उतार-चढ़ाव के साथ बदल सकते हैं। म्यूचुअल फंड या शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले अपने सेबी (SEBI) रजिस्टर्ड वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।

