LPG Crisis: अब घरेलू LPG सिलेंडर की दो बुकिंग के बीच 25 दिन का इंतजार करना होगा। मिडिल-ईस्ट में चल रहे तनाव की वजह से हॉर्मुज जलमार्ग से सप्लाई ठप पड़ने की वजह से सरकार ने ये फैसला लिया है। ऐसे में अगर गैस जल्दी खत्म हो जाए तो कुछ तरीके अपनाकर परेशानी से बच सकते हैं। 

LPG Cylinder Crisis Solution: ईरान-इजराइल जंग में हॉर्मुज जलमार्ग से सप्लाई रुकने की वजह से केंद्र सरकार ने घरेलू LPG सिलेंडर से जुड़ा एक नया नियम लागू हुआ है। अब गैस सिलेंडर की दो बुकिंग के बीच कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा। पहले डिलीवरी के 21 दिन बाद बुकिंग की जा सकती थी। यानी अगर आपका सिलेंडर जल्दी खत्म हो गया, तो तुरंत दूसरा बुक करना अब आसान नहीं रहेगा। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि अगर 25 दिन से पहले गैस खत्म हो जाए तो क्या करें? जानिए 5 उपाय, जो काम आ सकते हैं...

LPG बुकिंग का नियम क्यों बदला?

सरकार ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और जरूरत से ज्यादा स्टॉक करने की समस्या को रोका जा सके। कुछ जगहों पर लोग एक साथ कई सिलेंडर बुक कर लेते थे, जिससे दूसरे उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पाती थी। इसके अलावा ईरान-इजराइल समेत मिडिल ईस्ट के हालात और सप्लाई से जुड़ी चिंताओं को देखते हुए भी गैस का सही तरीके से वितरण करना जरूरी माना गया। इसलिए अब दो बुकिंग के बीच 25 दिन का गैप रखा गया है। सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें भी 60 रुपए बढ़ा दी है। वहीं, कमर्शियल सिलेंडर के दाम में भी ₹100 से ज्यादा की बढ़ोतरी देखी गई है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर भी असर पड़ रहा है।

अगर 25 दिन से पहले गैस खत्म हो जाए तो क्या करें?

  1. कई बार गैस जल्दी खत्म होने की वजह रोजमर्रा की छोटी आदतें होती हैं। बिना जरूरत तेज आंच पर खाना न बनाएं। ढक्कन लगाकर खाना पकाएं। प्रेशर कुकर का ज्यादा इस्तेमाल करें। इन छोटे तरीकों से गैस की खपत काफी कम हो सकती है।
  2. अगर घर में इंडक्शन या इलेक्ट्रिक कुकर है तो कुछ दिनों तक उसका इस्तेमाल किया जा सकता है। चाय, उबालने वाले काम या हल्की कुकिंग इंडक्शन पर आसानी से हो सकती है।
  3. अक्सर लोग सिलेंडर पूरी तरह खत्म होने के बाद बुकिंग करते हैं। बेहतर तरीका यह है कि जैसे ही गैस कम होने लगे, बुकिंग कर दें ताकि नया सिलेंडर समय पर मिल सके।
  4. अगर घर में गैस ज्यादा खर्च होती है तो डबल सिलेंडर कनेक्शन लेना अच्छा विकल्प हो सकता है। इससे एक सिलेंडर खत्म होने पर तुरंत दूसरा इस्तेमाल किया जा सकता है।
  5. अगर सिलेंडर कुछ दिन पहले खत्म हो गया है तो पास-पड़ोस या रिश्तेदारों से कुछ समय के लिए मदद ली जा सकती है। फिर आपकी बुकिंग होने और फिर से स्थिति सामान्य होने पर उन्हें लौटा सकते हैं। कई बार ऐसे छोटे उपाय बड़ी परेशानी से बचा लेते हैं।

इसे भी पढ़ें- LPG महंगी हो रही? गैस सिलेंडर 10-15 दिन ज्यादा चलाने के 7 गजब के तरीके

इसे भी पढ़ें-पेट्रोल-डीजल महंगा हो जाए तो क्या करें? ये 7 ट्रिक्स तुरंत कम कर सकती हैं आपका फ्यूल खर्च