सार

रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर ट्रंप और पुतिन दोनों का मानना है कि अगर ट्रंप 2020 का चुनाव हारते नहीं तो युद्ध टल सकता था। पुतिन ने ट्रंप की बुद्धिमत्ता की तारीफ भी की।

Russia-Ukraine war: रूस-यूक्रेन युद्ध क्या ट्रंप के आते ही समाप्ति की ओर पहुंच रहा है। अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद ट्रंप ने यह दावा किया था कि वह यूक्रेन युद्ध को खत्म करेंगे और दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध से बचाएंगे। ट्रंप के यूक्रेन वॉर को लेकर किए गए दावे के बाद अब रशिया के प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन ने भी ट्रंप का समर्थन करते हुए यह दावा किया है कि अगर डोनाल्ड ट्रंप 2020 में चुनाव नहीं हारते तो युद्ध को टाला जा सकता था। पुतिन ने ट्रंप की तारीफ करते हुए यह कहा कि वह न केवल इंटेलीजेंट हैं बल्कि एक व्यावहारिक व्यक्ति भी हैं।

पहले जानिए क्या कहा प्रेसिडेंट पुतिन ने?

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक सवाल के जवाब में यह कहा कि वह इस बात से सहमत हैं कि अगर ट्रंप राष्ट्रपति होते, अगर वह 2020 में चुनाव नहीं हारते तो शायद यूक्रेन वॉर को टाला जा सकता था। 2022 में यूक्रेन संकट ही पैदा नहीं हुआ होता। पुतिन ने कहा कि रूस अमेरिका की मदद से यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए समझौते पर बातचीत को तैयार है।

अब जानिए डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा था?

डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद अपने उद्घाटन भाषण में कहा क 2020 का चुनाव अगर वे डेमोक्रेट जो बिडेन से नहीं हारते तो यूक्रेन युद्ध नहीं हुआ होता। उन्होंने कहा कि वह यूक्रेन युद्ध को समाप्त करेंगे साथ ही दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध से बचाएंगे। चुनाव के दौरान भी उन्होंने कहा कि अगर वह सत्ता में होते तो 24 घंटे में युद्ध का अंत कर देते।

2022 से चल रहा रूस-यूक्रेन वॉर

रूस-यूक्रेन युद्ध फरवरी 2022 से लगातार जारी है। यह मानवता के इतिहास के सबसे विनाशकारी युद्धों में एक है। यह युद्ध न केवल क्षेत्रीय संप्रभुता और भू-राजनीतिक प्रभाव की लड़ाई है बल्कि मानवीय त्रासदी का प्रतीक भी है। लाखों लोग अपने घर छोड़ने पर मजबूर हुए और हजारों नागरिक और सैनिक मारे गए। इस युद्ध से दुनिया दोबारा शीत युद्ध जैसे माहौल की ओर बढ़ती दिख रही है। हालांकि, यूएस में सत्ता बदलने के साथ ही युद्ध रोकने के लिए सार्थक प्रयास की उम्मीद जगती दिख रही है।

यह भी पढ़ें:

वक्फ JPC मीटिंग में हाईवोल्टेज ड्रामा: 10 सांसद निलंबित, विपक्ष की लेटरबाजी