सार
Baloch Liberation Army Pakistan: BLA ने पाकिस्तान में दहशत मचा रखी है। अब जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर 450 यात्रियों को बंधक बना लिया है। जानिए आखिर बलूच लिबरेशन आर्मी कौन है और कितनी खतरनाक है? इसका मकसद क्या है?
What is the Balochistan Liberation Army: बलूच लिबरेशन आर्मी पाकिस्तान के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुकी है। 11 मार्च 2025 को बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई और क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया। घटना में 450 यात्रियों को बंधक बना लिया गया, जिससे पूरे देश में हड़कंप मच गया है। बता दें कि यह कोई पहली बार नहीं है जब BLA ने पाकिस्तान की सुरक्षा को सीधी चुनौती दी हो। यह संगठन पहले भी कई बार पाकिस्तानी सेना, सरकारी प्रतिष्ठानों और चीन के निवेश प्रोजेक्ट्स को निशाना बना चुका है।
कौन है बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA)?
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) एक सशस्त्र अलगाववादी संगठन है, जो पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक्टिव है। इस संगठन का मकसद बलूचिस्तान की स्वतंत्रता और वहां के संसाधनों पर बलूच समुदाय का हक सुनिश्चित करना है। पाकिस्तान इसे एक आतंकवादी संगठन मानता है और साल 2006 में इसे ऑफिशियली बैन कर दिया गया था।
बलूच लिबरेशन आर्मी कैसे बनी? जानिए BLA का इतिहास (Baloch Liberation Army History)
बलूचिस्तान, जो प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है, 1947 में पाकिस्तान के गठन के समय एक स्वतंत्र रियासत थी। लेकिन 1948 में पाकिस्तान ने इसे अपने कंट्रोल में ले लिया, जिससे बलूच जनता में असंतोष बढ़ गया। 1970 के दशक में पाकिस्तान सरकार ने बलूच स्वतंत्रता समर्थकों के खिलाफ सख्त सैन्य अभियान चलाया, जिसके बाद कई बलूच गुटों ने हथियार उठा लिए। कहा जाता है कि बलूच नेता मीर हबत खान मारी और उनके बेटे नवाब खैर बख्श मारी ने BLA की स्थापना की थी। 2000 के बाद से यह संगठन लगातार पाकिस्तानी सेना और सरकारी ठिकानों पर हमले कर रहा है।
कितनी खतरनाक है BLA? (How dangerous is Baloch Liberation Army)
BLA पाकिस्तान की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा आंतरिक खतरा बन चुकी है। यह खासकर चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (CPEC) प्रोजेक्ट्स पर हमला करता है, जिससे पाकिस्तान और चीन के रिश्तों में भी तनाव पैदा होता है।
BLA के अब तक के बड़े हमले ईयर वाइज
2015: तुर्बत में मजदूरों के कैंप पर हमला, 20 लोगों की हत्या।
2018: कराची में चीनी वाणिज्य दूतावास पर हमला, 4 की मौत।
2019: ग्वादर के पर्ल कॉन्टिनेंटल होटल पर हमला, जहां चीनी अधिकारी ठहरे थे।
2021: बलूचिस्तान में इंजीनियरों पर आत्मघाती हमला।
2022: कराची यूनिवर्सिटी में चीनी शिक्षकों पर आत्मघाती हमला, 3 चीनी नागरिकों सहित 4 की मौत।
2023: केच जिले में 6 पंजाबी मजदूरों की हत्या, जिसे टारगेट किलिंग माना गया।
2024: नोशकी शहर में पंजाबी यात्रियों को पहचान पत्र जांचने के बाद गोली मारकर हत्या।
2024: क्वेटा रेलवे स्टेशन पर धमाका, 24 लोगों की मौत।
2025: जाफर एक्सप्रेस हाईजैक कर 450 यात्रियों को बनाया बंधक।
BLA के ट्रेन हाईजैक के पीछे क्या है मकसद?
BLA का यह कदम पाकिस्तान की सरकार और सेना को सीधी चुनौती देने जैसा है। कहा जा रहा है कि इस हाईजैकिंग का मुख्य उद्देश्य बलूचिस्तान के लिए आजादी की मांग को वैश्विक स्तर पर उठाना और पाकिस्तान की कमजोरी को उजागर करना माना जा रहा है। इससे पहले भी यह संगठन इसी तरह के हमले करता रहा है, लेकिन ट्रेन हाईजैक करना अपनी तरह की पहली घटना है।