डोनाल्ड ट्रंप को पाकिस्तान ने 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित किया है। ट्रंप पहले भी इस पुरस्कार की इच्छा जता चुके हैं। जानिए, नोबेल शांति पुरस्कार क्या है और किसे मिलता है।
2026 Nobel Peace Prize: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नोबेल शांति पुरस्कार पाना चाहते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने द्वारा किए गए कामों की लिस्ट दी। मई में भारत और पाकिस्तान के बीच लड़ाई रुकवाने का दावा किया। कहा कि इसके बाद भी उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलेगा। ट्रंप की इस हसरत को देखते हुए पाकिस्तान ने उन्हें 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए आधिकारिक रूप से नामित किया है। आइए जानते हैं यह प्रसिद्ध सम्मान क्या है और किसे मिलता है।
नोबेल पुरस्कार क्या है?
नोबेल पुरस्कार को दुनिया के सबसे बड़े अवार्ड में गिना जाता है। यह सम्मान कई वर्ग में उन लोगों को मिलता है जिन्होंने "मानव जाति को सबसे बड़ा लाभ पहुंचाया है"। इसकी स्थापना अल्फ्रेड नोबेल के सम्मान में की गई थी। अल्फ्रेड नोबेल ने इनके लिए अपनी अधिकांश संपत्ति छोड़ दी। नोबेल पुरस्कार हर साल भौतिकी, रसायन विज्ञान, शरीर क्रिया विज्ञान या चिकित्सा, साहित्य और शांति के अलावा आर्थिक विज्ञान में दिया जाता है।
नोबेल शांति पुरस्कार क्या है?
नोबेल पुरस्कारों में सबसे अधिक चर्चा नोबेल शांति पुरस्कार की होती है। अल्फ्रेड नोबेल ने अपनी वसीयत में लिखा था कि शांति पुरस्कार उन लोगों को दिया जाएगा "जिन्होंने देशों के बीच भाईचारे के लिए और शांति बनाए रखने व बढ़ावा देने के लिए सबसे अधिक या सबसे अच्छा काम किया होगा।"
अब तक नोबेल शांति पुरस्कार देने में कूटनीति के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय शांति को बढ़ावा देने वाले राजनेताओं को प्राथमिकता दी गई है। मानवीय कार्यों करने वालों को भी यह सम्मान मिला है। आर्म्स कंट्रोल और निरस्त्रीकरण, शांति वार्ता, लोकतंत्र और मानवाधिकार के लिए काम करने वाले नेताओं को यह सम्मान मिलता है।
किन अमेरिकी राष्ट्रपतियों को मिला है नोबेल शांति पुरस्कार?
अभी तक चार अमेरिकी राष्ट्रपतियों और एक उपराष्ट्रपति ने नोबेल शांति पुरस्कार मिला है। ये हैं...
- 1906 में राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट
- 1920 में राष्ट्रपति वुडरो विल्सन
- 2002 में राष्ट्रपति जिमी कार्टर
- 2007 में उपराष्ट्रपति अल गोर
- 2009 में राष्ट्रपति बराक ओबामा
डोनाल्ड ट्रंप को क्यों चाहिए नोबेल शांति पुरस्कार?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नोबेल शांति पुरस्कार पाकर अपना नाम उन खास अमेरिकी राष्ट्रपतियों की लिस्ट में जुड़वाना चाहते हैं जिन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को नोबेल पुरस्कार देने के लिए नोबेल समिति की आलोचना की थी। 2009 में अपने राष्ट्रपति पद के कुछ ही महीनों बाद ओबामा को परमाणु हथियारों पर अंकुश लगाने और मुस्लिम दुनिया के साथ संबंधों को बेहतर बनाने के उनके प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया था।
राष्ट्रपति के रूप में इस समय डोनाल्ड ट्रंप का दूसरा कार्यकाल चल रहा है। इससे पहले वह 2017 से 2021 तक राष्ट्रपति रहे थे। ट्रंप को उनके राष्ट्रपतित्व काल के दौरान कई बार नोबेल के लिए नामांकित किया गया। नॉर्वे के राजनीतिज्ञ क्रिश्चियन टाइब्रिंग-गेजेड और स्वीडिश राजनीतिज्ञ मैग्नस जैकबसन ने उन्हें पहले कार्यकाल के दौरान नामांकित किया था, लेकिन अब तक ट्रंप के हाथ खाली हैं।