सार
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा, मैक्सिको और चीन के बाद अब यूरोपियन यूनियन पर भी टैरिफ लगाने के संकेत दिए हैं। ट्रंप ने कहा कि EU ने अमेरिका के साथ बुरा व्यवहार किया है।
वर्ल्ड डेस्क। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा, मैक्सिको चीन से आयात होने वाले सामानों पर टैरिफ लगाकर दुनिया को चौंका दिया। तीनों देशों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी प्रोडक्ट्स पर टैरिफ लगाया है। अब ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि वह यूरोपियन यूनियन (EU) पर भी टैरिफ लगाएंगे।
ओवल ऑफिस में ट्रंप से पत्रकारों ने पूछा कि क्या वे 27 देशों के ब्लॉक EU पर टैरिफ लगाने पर विचार कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा, "क्या मैं EU पर टैरिफ लगाने जा रहा हूं? आप सच्चा जवाब चाहते हैं या राजनीतिक जवाब? बिल्कुल। EU ने हमारे साथ बहुत बुरा व्यवहार किया है।"
2018 में भी डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोप के देशों पर लगाया था टैरिफ
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप यूरोप के देशों से अमेरिका को होने वाले निर्यात पर टैरिफ लगाने की बात कर रहे हैं। पहले कार्यकाल के दौरान 2018 में उन्होंने यूरोपीय इस्पात और एल्यूमीनियम निर्यात पर शुल्क लगाया था। इससे यूरोपीय संघ के साथ अमेरिका का व्यापार युद्ध छिड़ गया था। EU ने जवाब में अमेरिका से आने वाले शराब और बाइक पर टैक्स लगाया था।
दिसंबर 2024 में ट्रंप ने यूरोपीय संघ के साथ व्यापार युद्ध शुरू करने की धमकी दी थी। कहा था कि यूरोपीय संघ अधिक अमेरिकी तेल और गैस नहीं खरीदता है तो ऐसा होगा। ट्रंप ने ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा बनाने की बात कही है। इससे भी अमेरिका और यूरोप के बीच तनाव बढ़ गया है। डेनमार्क ने खनिज-समृद्ध द्वीप ग्रीनलैंड को बेचने के विचार को सिरे से खारिज कर दिया है।
यह भी पढ़ें- ट्रंप ने टैरिफ पर ट्रूडो का पलटवार, अमेरिकी सामानों पर लगाया 25% टैक्स
यूरोपीय संघ ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
यूरोपीय आयोग के प्रवक्ता ने कहा कि यूरोपीय संघ कनाडा, मैक्सिको और चीन पर टैरिफ लगाने के अमेरिकी फैसले पर खेद व्यक्त करता है। अगर कोई व्यापारिक भागीदार मनमाने ढंग से टैरिफ लगाता है तो यूरोपीय संघ उसे दृढ़ता से जवाब देगा। इस समय हमें यूरोपीय संघ के उत्पादों पर लगाए जा रहे किसी भी अतिरिक्त टैरिफ के बारे में जानकारी नहीं है।