सार

राष्ट्रपति ट्रंप ने एलन मस्क को फोर्ट नॉक्स के सोने के भंडार की जाँच करने को कहा है। ट्रेजरी सचिव ने कहा कि सोना सुरक्षित है और हर साल ऑडिट होता है। फोर्ट नॉक्स का इतिहास और सुरक्षा व्यवस्था भी चर्चा में है।

Fort Knox Gold Reserves: अमेरिका का सबसे बड़ा सोना भंडार फोर्ट नॉक्स (Fort Knox) इन दिनों चर्चा में है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कहा है कि एलन मस्क (Elon Musk) फोर्ट नॉक्स देखेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सोना अभी भी वहां है या नहीं। वहीं, ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि हर साल फोर्ट नॉक्स में रखे गए सोना का ऑडिट होता है। सारा सोना मौजूद है। उसका हिसाब सरकार के पास है।

केंटकी स्थित फोर्ट नॉक्स में अमेरिका के बुलियन डिपोजिटरी ने 1937 से सोना जमा किया है। इसकी सुरक्षा अमेरिकी सेना करती है। सोने के भंडार के साथ-साथ फोर्ट नॉक्स का इस्तेमाल सेना के मानव संसाधन कमांड सेंटर के रूप में भी किया जाता है।

क्या है फोर्ट नॉक्स का इतिहास?

फोर्ट नॉक्स केंटकी के तीन काउंटियों - बुलिट, हार्डिन और मीड में 109,000 एकड़ में फैला है। यह लुइसविले से लगभग 56 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। यहां पहले सेना का कैंप था जिसे कैंप नॉक्स कहा जाता है। कैंप नॉक्स की स्थापना प्रथम विश्व युद्ध के दौरान की गई थी। यहां सैनिकों को तोप चलाने की ट्रेनिंग दी जाती थी। 1932 में इसे फोर्ट नॉक्स नाम दिया गया। 1937 में फोर्ट नॉक्स में पहला सोना पहुंचा था। इसकी सुरक्षा के लिए 1 कैवेलरी रेजिमेंट को तैनात किया गया था। यूरोप में दूसरा विश्व युद्ध शुरू होने पर अमेरिकी सेना ने फोर्ट नॉक्स में आर्मर्ड फोर्स का गठन किया। यहां हजारों सैनिकों को टैंक चलाने की ट्रेनिंग दी गई।

फोर्ट नॉक्स में कितना सोना रखा गया है?

यूएस मिंट के अनुसार, फोर्ट नॉक्स में यूएस बुलियन डिपॉजिटरी में वर्तमान में 147.3 मिलियन औंस (4,175,884.76 किलो) सोना है। ट्रेजरी द्वारा जमा किए गए सोने का लगभग आधा हिस्सा फोर्ट नॉक्स में रखा गया है।

क्या फोर्ट नॉक्स से सोना कभी निकाला नहीं गया?

मिंट की रिपोर्ट के अनुसार फोर्ट नॉक्स में ऑडिट के दौरान सोने की शुद्धता की जांच के लिए बहुत कम मात्रा में सोना निकाला गया है। इन नमूनों को छोड़कर कई वर्षों से डिपॉजिटरी से सोना नहीं निकाला गया है।

कितना सुरक्षित है फोर्ट नॉक्स?

फोर्ट नॉक्स में बना सोना भंडार बेहद सुरक्षित है। इस भंडार की वास्तविक संरचना कुछ ही लोगों को पता है। कोई भी व्यक्ति तिजोरी खोलने की सभी प्रक्रियाओं को नहीं जानता है। सोने की भंडार का निर्माण 1936 में 16000 क्यूबिक फीट ग्रेनाइट, 4200 क्यूबिक यार्ड कंक्रीट, 750 टन मजबूत स्टील और 670 टन स्ट्रक्चरल स्टील का इस्तेमाल किया गया था।

यह भी पढ़ें- अमेरिका: हॉस्पिटल में गोलीबारी, एक पुलिस ऑफिसर की मौत, 5 घायल, मारा गया गनमैन

क्या किसी व्यक्ति को है सोने के भंडार को देखने की अनुमति?

1974 में अमेरिकी टकसाल ने पत्रकारों के एक समूह और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के लिए तिजोरियां खोलीं थी ताकि वे सोने के भंडार को देख सकें। उस समय ऐसी अफवाहें फैलाई गईं थीं कि सोना निकाल लिया गया है। इसके बाद यह फैसला लिया गया था। तब तक अधिकृत कर्मियों के अलावा तिजोरियों तक पहुंचने वाले एकमात्र व्यक्ति राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट थे।

यह भी पढ़ें- अमेरिका: सरकारी कर्मचारियों को एलन मस्क की धमकी, सप्ताह के काम का दो रिपोर्ट, नहीं तो निकाल देंगे

इसके बाद 2017 में तिजोरियां खोली गईं। ट्रेजरी सचिव स्टीव मनुचिन ने केंटकी के गवर्नर मैट बेविन और कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ यहां का दौरा किया था। वर्तमान ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि वे तिजोरियों को देखने में रुचि रखने वाले किसी भी सीनेटर के लिए खुशी से निरीक्षण की व्यवस्था करेंगे।