सार
X-37B Space Plane: USSF (United States Space Force) ने शुक्रवार को अपने टॉप सिक्रेट X-37B अंतरिक्ष यान की पहली तस्वीर जारी की है। इसमें विमान कक्षा में दिख रहा है। तस्वीर अंतरिक्ष यान में लगे कैमरे से ली गई है। यह अफ्रीकी महाद्वीप के ऊपर परिक्रमा कर रहा था।
X-37B Space Plane एक साल से अधिक समय से कक्षा में है। यह 28 दिसंबर 2023 को अपने सातवें मिशन के लिए SpaceX Falcon हेवी रॉकेट पर सवार होकर रवाना हुआ था। इस विमान द्वारा क्या प्रयोग किए जा रहे हैं अमेरिकी सरकार ने इसकी जानकारी गुप्त रखी है। यह पहली बार है जब स्पेस फोर्स ने अपने गुप्त विमान की तस्वीर जारी की है।
USSF ने X पर पोस्ट किया, "X-37B 2024 से HEO में प्रयोग कर रहा है। इसके ऑनबोर्ड कैमरा ने पृथ्वी की तस्वीर कैद की है। X-37B ने कम से कम ईंधन का इस्तेमाल कर अपनी कक्षा को सुरक्षित रूप से बदलने के लिए एयरोब्रेकिंग नामक पहली तरह के अभ्यास की एक श्रृंखला को अंजाम दिया है।"
क्या है X-37B?
X-37B अमेरिका का बेहद खास विमान है। इसे अंतरिक्ष में उड़ान भरने के लिए डिजाइन किया गया है। इसका संचालन अमेरिका के स्पेस फोर्स के रैपिड कैपेबिलिटीज ऑफिस द्वारा किया जाता है। विमान के पंखों का फैलाव 15 फुट है। इसकी लंबाई 29 फुट है। यह अंतरिक्ष में अपने मिशन को अंजाम देने के बाद धरती पर सुरक्षित लौट सकता है।
यह भी पढ़ें- चीनी वैज्ञानिकों ने खोजा नया कोरोनावायरस, क्या आने वाली है बड़ी महामारी?
X-37B द्वारा किए जा रहे कुछ प्रयोग गोपनीय हैं। स्पेस फोर्स ने बताया है कि इससे विकिरण प्रभाव अध्ययन और अंतरिक्ष डोमेन जागरूकता परीक्षण जैसे प्रयोग किए गए हैं। X-37B प्रोग्राम की शुरुआत 1999 में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA के तहत हुई थी। बाद में इसे रक्षा मंत्रालय को सौंप दिया गया। X-37B ने सात मिशन पूरे किए हैं। इसने अंतरिक्ष में 4,000 से अधिक दिन बिताए हैं।