सार

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन युद्ध पर फोन पर बात की। पुतिन ने ट्रंप को मास्को आने का न्योता दिया। ट्रंप ने युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत शुरू करने पर सहमति जताई।

Ukraine War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने बुधवार को बताया कि उन्होंने यूक्रेन में हो रही लड़ाई (Russian Ukraine War) खत्म करने के लिए फोन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) से बात की है। रूस ने कहा है कि पुतिन ने ट्रंप को मॉस्को आने का न्योता दिया है।

सोशल मीडिया पर ट्रंप ने खुलासा किया कि दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी टीमों से बिना किसी देरी के बातचीत शुरू करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा, "हम अपनी-अपनी टीमों को तुरंत बातचीत शुरू करने के लिए सहमत हुए हैं। मैं यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को बातचीत के बारे में सूचित करने के लिए कॉल करूंगा।"

डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन ने डेढ़ घंटे की बात

रूसी सरकार के अधिकारियों के अनुसार पुतिन और ट्रंप ने टेलीफोन पर लगभग डेढ़ घंटे तक बात की। इस दौरान दोनों ने मिलने पर सहमति जताई। ट्रंप ने एक बार फिर पुतिन के साथ अपने सकारात्मक तालमेल पर जोर दिया है। चाहे रूस ने 2022 में यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला किया हो। इससे पहले दिन में व्हाइट हाउस में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन लड़ाई को लेकर रूस के साथ "बहुत गंभीर" बातचीत कर रहा है।

ट्रंप ने कहा, "वास्तव में रूस ने हमारे साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया। मुझे उम्मीद है कि यह एक ऐसे रिश्ते की शुरुआत है, जहां हम युद्ध समाप्त कर सकते हैं।"

यह भी पढ़ें- अमेरिका क्यों चाहता है यूक्रेन युद्ध की समाप्ति? ट्रंप की पुतिन से गुप्त बातचीत में खुलासा

रूस-यूक्रेन की लड़ाई शुरू हुए होने को हैं तीन साल

बता दें कि रूस-यूक्रेन युद्ध अपने तीसरे वर्ष में प्रवेश कर रहा है। यूक्रेन को अमेरिका और उसके सहयोगी देशों से हथियार और पैसे से समर्थन मिल रहा है, जिसके बल पर वह रूस का सामना कर रहा है। इस लड़ाई के चलते अमेरिका और रूस के बीच तनाव बेहद बढ़ गया है। अमेरिका में सत्ता परिवर्तन के बाद तनाव में कुछ कमी आई है। इसका साफ संकेत है कि दोनों देशों के राष्ट्रपति के बीच फोन पर बातचीत हुई है।

यूक्रेन में शांति स्थापित करने की ट्रंप की रणनीति अभी अस्पष्ट है। उन्होंने पहले संकेत दिया है कि रूस और यूक्रेन दोनों को समझौता करना होगा। यूक्रेन को समाधान तक पहुंचने के लिए अपने कुछ क्षेत्र छोड़ने पड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें- US sanctions on ICC: ट्रंप प्रशासन ने लगाया इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट पर बैन