सार

शंघाई की चकाचौंध छोड़, माता-पिता की मदद के लिए यांग ने चुना सुअर पालन का रास्ता। सोशल मीडिया पर छा गईं, लाखों की कमाई की और अब बिज़नेस का विस्तार भी चाहती हैं।

Inspiring Story of Yang Yanxi: यूथ में इन दिनों चीन की एक 27 साल की युवती की कहानी इंस्पायर कर रही है। आरामदायक फ्लाइट अटेंडेंट का जॉब छोड़कर यांग यानक्सी के बेहद मेहनत वाली पिग फार्मिंग के जुनून की हर कोई तारीफ कर रहा है। एक समय शंघाई के लग्जरी लाइफस्टाइल का हिस्सा रहीं यांग ने अपने माता-पिता की मदद करने और ग्रामीण जीवन को अपनाने के लिए अपनी स्थिर नौकरी छोड़ने का साहसिक फैसला लिया। उन्होंने अपने गृहनगर लौटकर सुअर पालन शुरू किया और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधारने के साथ ही पारंपरिक खेती को एक आधुनिक रूप दिया। यांग की मेहनत और रचनात्मकता ने न केवल उन्हें सफलता दिलाई, बल्कि सोशल मीडिया पर 1.2 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स भी उनका हौसला बढ़ा रहे।

कठिन दौर से गुजर शंघाई तक पहुंची थी यांग

चीन के हेलोंगजियांग प्रांत में जन्मीं यांग यानक्सी का बचपन एक ग्रामीण परिवेश में बीता। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद, उन्होंने उच्च शिक्षा पूरी की और शंघाई, चीन के आर्थिक केंद्र, में एक फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में अपना करियर शुरू किया। यांग ने पांच वर्षों तक इस पेशे में काम किया, शंघाई में वह लग्जरी लाइफस्टाइल जी रहीं थीं। लेकिन महंगी जीवनशैली और घटती आय ने उनके जीवन को मुश्किल बना दिया।

मां-बाप की हालत देखा तो लग्जरी जीवन और शंघाई की चकाचौंध से छूटा मोह

यांग के माता-पिता ने उनकी महंगी जीवनशैली का बोझ उठाने के लिए अपनी जरूरतें कम कर लीं और कर्ज तक लेना शुरू कर दिया। लेकिन यांग को इस बलिदान का एहसास तब हुआ जब उन्होंने पाया कि उनकी मां गुपचुप अस्पताल में इलाज करवा रही थीं। यह जानकर यांग ने अपनी प्राथमिकताएं बदलीं और फ्लाइट अटेंडेंट की नौकरी छोड़कर अपने माता-पिता के साथ गांव लौटने का निर्णय लिया।

पिग फार्मिंग में नई शुरुआत और सोशल मीडिया सफलता

अप्रैल 2023 में यांग ने अपने चचेरे भाई का पिग फार्म संभाल लिया। उन्होंने अपने दैनिक कार्यों को सोशल मीडिया पर साझा करना शुरू किया, जिसमें उन्होंने पशुओं की देखभाल और खेती से जुड़े कार्यों को दिखाया। उनकी सादगी और आधुनिकता का मिश्रण दर्शकों को खूब पसंद आया। जल्द ही उनके फॉलोअर्स की संख्या 12 लाख तक पहुंच गई।

दो महीने में 22.8 लाख की कमाई

यांग ने दो महीनों में 22.8 लाख रुपये (200,000 युआन) की कमाई की, जो पिग फार्मिंग और सोशल मीडिया से हुई। यह उनके जीवन का सबसे संतोषजनक और सफल मोड़ साबित हुआ। उन्होंने कहा: अब मैं अपने माता-पिता के साथ रह सकती हूं। मैं बहुत खुश और संतुष्ट हूं। यांग अब अपने फार्म का विस्तार करना चाहती हैं। उनकी योजना एक विशेष दुकान खोलने और एक होटल बनाने की है।

यह भी पढ़ें:

राष्ट्रपति बनते ही ट्रंप ने दिया अपने सबसे खास एलन मस्क को झटका, बिफरे Tesla CEO