वर्ल्ड डेस्क। सीरिया में राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार गिर गई है। रूस ने असद को शरण दी है। विद्रोहियों के राजधानी दमिश्क के बेहद करीब पहुंचने पर असद विमान में सवार होकर भाग गए थे। वह परिवार समेत मास्को पहुंचे। इस बीच दमिश्क पर विद्रोहियों का कब्जा है। विद्रोही अल्लाह हू अकबर के नारे लगाते हुए असद के महल में घुस गए। हथियारों से लैस विद्रोहियों ने असद के घर में तस्वीरें खिंचवाई।

हाल के दिनों में सीरिया की सरकारी सेना ने विद्रोहियों से मुकाबला करने की जगह पीछे हटने का रास्ता अपनाया, जिससे विपक्षी बलों का काम आसान हुआ है। इससे ईरान को निराशा हुई है। उसने कहा है कि असद की सेना ने बहुत जल्द सरेंडर कर दिया।

 

Scroll to load tweet…

 

बशर अल-असद के महलों पर विद्रोहियों ने किया कब्जा

सीरियाई विद्रोहियों ने बशर अल-असद के विशाल महलों पर कब्जा कर लिया है। विद्रोहियों और सीरियाई लोगों ने 13 साल पुराने गृह युद्ध के खत्म होने पर खुशी मनाई है। इसे "एक अंधकारमय युग का अंत" बताया है। विद्रोही असद के महल से फर्नीचर और आभूषण ले गए।

बता दें कि हयात तहरीर अल-शाम (HTS) समूह ने दो सप्ताह पहले तेज हमला शुरू किया था। इसने देखते ही देखते अलेप्पो, होम्स, हमा जैसे प्रमुख शहरों पर कब्जा कर लिया। इसके बाद विद्रोही रविवार को बिना किसी किसी रुकावट के दमिश्क पहुंच गए और राजधानी पर कब्जा कर लिया। इसके साथ ही सीरिया पर असद परिवार के छह दशक के राज का अंत हो गया।

 

Scroll to load tweet…

 

सीरिया संकट से जुड़े 10 बड़े अपडेट्स

1.विद्रोहियों ने असद के फर्नीचर, गहने, लग्जरी कारें और कई अन्य कीमती सामान लूट लिए। लोग असद के बेडरूम और आधिकारिक केबिनों में झांकते हुए दिखे। बहुत से लोग 31,500 वर्ग मीटर के अल-रावदा राष्ट्रपति महल और उसके विशाल बगीचों में घूमते हुए दिखाई दिए।

2. विद्रोहियों ने महल में तोड़फोड़ की और असद परिवार की तस्वीरों को नष्ट कर दिया। राष्ट्रपति भवन में मर्सिडीज-बेंज समेत कई लग्जरी और स्पोर्ट्स कारें मिलीं। इसके साथ ही एसयूवी, मोटरसाइकिल, ऑल-टेरेन व्हीकल्स (एटीवी) और एक बख्तरबंद ट्रक भी मिला। विद्रोही उन्हें भी ले गए।

3. विद्रोहियों को महल में कपड़े, प्लेटें और जो भी सामान मिल सकता था, उसे उठाते हुए देखा गया। वे लुई वुइटन ट्रक शॉपिंग बैग भी ले गए। कुछ लोगों को अपने कंधों पर कुर्सियां ढोते हुए देखा गया। विद्रोहियों ने महल के अंदर गोलियां भी चलाईं।

4. विद्रोहियों ने सैकड़ों कैदियों को रिहा कर दिया है। इन्हें असद सरकार ने दशकों से कैद कर रखा था। जेल से निकलने के बाद कैदी अपने परिवारों से मिले।

5. दमिश्क पर विद्रोहियों का कब्जा होने के बाद कुछ लोगों ने दुकानों में तोड़फोड़ की। कई दुकानों को लूट लिया गया। अराजकता रोकने के लिए विद्रोहियों ने कर्फ्यू घोषित कर दिया है। 6. सीरिया के विभिन्न हिस्सों में असद और उनके परिवार के पोस्टर, बैनर और मूर्तियों को गिरा दिया गया है।

7. विद्रोहियों के नेता अबू मोहम्मद अल-गोलानी ने असद सरकार के पतन का जश्न मनाया है। उन्होंने कहा कि यह "महान जीत" है। एक नया इतिहास लिखा जा रहा है।

8. असद के शासन में सीरिया के प्रधानमंत्री रहे मोहम्मद गाजी अल-जलाली ने स्वतंत्र चुनाव कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह सत्ता के हस्तांतरण पर बात करने के लिए गोलानी के संपर्क में हैं।

9. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सीरिया संकट पर कहा कि "क्रूर" असद शासन गिर गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस्लामिक स्टेट सीरिया में अपना प्रभुत्व फिर से स्थापित करने के लिए राजनीतिक शून्य का लाभ उठाने की कोशिश करेगा।

10. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने रविवार को मध्य सीरिया में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर दर्जनों हवाई हमले किए। उनका उद्देश्य सीरिया में इस्लामिक स्टेट को फिर से उभरने से रोकना है।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति असद को परिवार सहित मॉस्को में शरण, तख्तापलट पर महाशक्तियां भिड़ीं