वर्ल्ड डेस्क। दक्षिण कोरिया के मुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार सुबह जेजू एयर का विमान बोइंग 737-800 हादसे का शिकार हो गया। विमान में 181 लोग सवार थे। इनमें से 179 की मौत की जानकारी मिली है। हादसे का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। इसमें दो इंजन वाले विमान को रनवे से फिसलकर बाड़ से टकराते देखा जा सकता है। 

 

Scroll to load tweet…

 

वीडियो में दिख रहा है कि विमान तेज रफ्तार से रनवे पर उतरता है। इसके बाद भी उसकी गति कम नहीं होती है। वह सीधे आगे बढ़ता है और बाड़ से टकरा जाता है। टक्कर लगते ही विमान आग के गोले में बदल जाता है। कुछ ही सेकंड में आसमान में बहुत बड़ा काला धुआं उठने लगा था। तस्वीरों में विमान के कई हिस्सों में आग की लपटें भी उठती दिखाई दे रही थीं।

विमान के लैंडिंग गियर में आई थी खराबी

रिपोर्ट के अनुसार विमान के लैंडिंग गियर में खराबी आने से यह हादसा हुआ। वीडियो में ऐसा प्रतीत होता है कि विमान ने हादसे से कुछ सेकंड पहले 'बेली लैंडिंग' (लैंडिंग गियर को पूरी तरह फैलाए बिना) का प्रयास किया था। बेली लैंडिंग में विमान के पहिए की जगह उसका निचला हिस्सा रनवे के संपर्क में आता है। ब्रेक पहिए में लगते हैं, जिससे विमान रनवे पर रुकता है, लेकिन बेली लैंडिंग में ऐसा नहीं हो सकता। इस वजह से विमान रनवे से आगे बढ़कर बाड़ से टकरा गया।

विमान में सवार थे 181 लोग

हादसे का शिकार हुए विमान में 181 लोग सवार थे। इनमें 6 क्रू मेंबर थे। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया। एयरपोर्ट पर मौजूद दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने के लिए भेजा गया। विमान में सवार यात्रियों को निकाला गया।

 

Scroll to load tweet…

 

बैंकॉक से मुआन जा रहा था विमान

ऑनलाइन फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightRadar24 के अनुसार विमान बैंकॉक से मुआन जा रहा था। दक्षिण कोरिया के कार्यवाहक राष्ट्रपति चोई सांग-मोक ने बचाव कार्य के लिए सभी संभव प्रयास करने के आदेश दिए हैं। उनके चीफ ऑफ स्टाफ ने भी घटना पर एक आपातकालीन बैठक बुलाई। माना जा रहा है कि पक्षियों के संपर्क में आने के कारण दुर्घटना हुई, जिसके चलते लैंडिंग गियर में खराबी आ गई।

यह भी पढ़ें- दक्षिण कोरिया: रनवे पर उतरते ही आग का गोला बना प्लेन, 47 की मौत, लाइव वीडियो