मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने शुक्रवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने पीएम मोदी के 'मेक इन इंडिया' पहल का जिक्र करते हुए कहा कि इससे भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला।

रूसी टेलीविजन नेटवर्क आरटी की रिपोर्ट के अनुसार पुतिन मॉस्को में रूस की एजेंसी फॉर स्ट्रैटेजिक इनिशिएटिव्स (एएसआई) द्वारा आयोजित मंच पर बोल रहे थे। पुतिन ने कहा कि भारत ने अपनी कंपनियों को स्थानीय स्तर पर उत्पादों के विकास, निर्माण और असेंबल करने को प्रोत्साहित किया।

पुतिन ने कहा-'मेक इन इंडिया' का भारतीय अर्थव्यवस्था पर हुआ असर

पुतिन ने कहा, "भारत में हमारे दोस्तों और हमारे बड़े दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई साल पहले 'मेक इन इंडिया' पहल की शुरुआत की थी। भारतीय अर्थव्यवस्था पर इसका प्रभावशाली असर हुआ है। जो अच्छा काम कर रहे हैं उसका अनुकरण करने में कोई नुकसान नहीं है। भले ही इसे बनाने वाले हम नहीं बल्कि हमारे दोस्त हों।"

 

Scroll to load tweet…

 

पुतिन ने कहा- घरेलू उत्पादों को देना होगा बढ़ावा

पुतिन ने 'मेक इन इंडिया' का उदाहरण देते हुए अपने देश को संदेश दिया कि हमें भी अपने देश की कंपनियों द्वारा बनाए गए उत्पादों को बढ़ावा देना होगा। देशी ब्रांडों को प्रोत्साहित करना होगा। इसके लिए मॉस्को को रूसी कंपनियों को अपने उत्पादों को अधिक कुशलता से मार्केट करने में मदद करने के लिए सहायता करनी होगी।

पुतिन ने कहा- हमें अपने प्रोडक्ट को बनाना होगा बेहतर

व्लादिमीर पुतिन ने लोकल मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को विकसित करने और विदेशी निवेशकों को लुभाने के लिए प्रभावी मॉडल बनाने की भारत की पहल की सराहना की। पुतिन ने कहा कि हमें इस दिशा में सोचने की जरूरत है कि हमारे प्रोडक्ट किस तरह और अधिक आधुनिक, सुविधाजनक और फंक्शनल हों।

सितंबर 2014 में लॉन्च हुआ था 'मेक इन इंडिया' पहल

गौरतलब है कि भारत सरकार ने सितंबर 2014 में 'मेक इन इंडिया' पहल लॉन्च किया था। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक प्रोडक्ट का उत्पादन भारत में करना है। इसके लिए सरकार द्वारा कई तरह की सुविधाएं दी जाती हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार 'मेक इन इंडिया' पहल का उद्देश्य भारत को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का एक अभिन्न अंग बनाना है। यह भारतीय कंपनियों को वैश्विक कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट बनाने के बारे में है।