रूस ने यूक्रेन पर भयंकर मिसाइल हमला किया, जिससे रात में दिन जैसी रोशनी फैल गई। इस हमले में 6 लोगों की मौत और 80 के घायल होने की खबर है। यूक्रेन ने कई मिसाइलों और ड्रोनों को मार गिराया।
Russia Ukraine War: रूस ने शुक्रवार की रात यूक्रेन पर भीषण हमला किया। इतने खतरनाक मिसाइल मारे कि धमाके से रात में दिन जैसी रोशनी हो गई। हाल के दिनों में रूस द्वारा किया गया यह सबसे भीषण हवाई हमला था। इसके लिए 400 से अधिक ड्रोन और 40 से अधिक मिसाइल पूरे यूक्रेन में दागे गए। इन हमलों के चलते 6 लोगों के मारे जाने और करीब 80 से घायल होने की खबर है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स द्वारा X पर शेयर किए गए वीडियो फुटेज में मिसाइलों को जमीन पर गिरते हुए दिखाया गया है। रूस ने इस हमले के साथ यूक्रेन द्वारा पिछले दिनों किए गए हवाई हमले का जवाब दिया है। यूक्रेन ने रूसी हवाई अड्डों पर ड्रोन हमला किया था। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि रूस जवाबी कार्रवाई करेगा।
यूक्रेनी रक्षा बलों ने 30 मिसाइलों और 200 ड्रोन मार गिराए
यूक्रेनी वायु सेना के प्रवक्ता यूरी इहनात ने बताया कि हमला कई घंटों तक चला। इसमें छह यूक्रेनी क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। 407 ड्रोन और 44 बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें शामिल थीं। लगभग 30 मिसाइलों और 200 ड्रोन को मार गिराया गया। कीव में आपातकालीन कर्मचारी और लुत्स्क और चेर्निहिव में नागरिक मारे गए।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस के हमले की निंदा की। उन्होंने X पर पोस्ट किया, "यह शांति चाहने वाला देश नहीं है। रूस अपनी नीति नहीं बदलता।"
बता दें कि रूसी हमले का समय ट्रंप की उस टिप्पणी से मेल खाता है जिसमें उन्होंने कहा था कि शांति प्रयासों को आगे बढ़ाने से पहले “यूक्रेन और रूस को कुछ समय के लिए लड़ने देना बेहतर हो सकता है”।