पीएम नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा पर हैं। सबसे पहले वह बुधवार को घाना पहुंचे हैं। यहां वह घाना की संसद को संबोधित कर रहे।

PM Modi Ghana Parliament speech: पीएम नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा पर हैं। बुधवार को अपनी यात्रा के पहले पड़ाव घाना पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी आज गुरुवार को घाना की संसद को संबोधित करते हुए कहा कि आज इस प्रतिष्ठित सदन को संबोधित करते हुए मुझे बहुत सम्मानित महसूस हो रहा है। घाना में होना सौभाग्य की बात है। एक ऐसी भूमि जो लोकतंत्र, गरिमा और लचीलेपन की भावना को प्रसारित करती है।

पीएम मोदी ने कहा कि आपकी अनुमति से, मैं कह सकता हूं कि हमारी दोस्ती घाना के प्रसिद्ध शुगरलोफ़ अनानास से भी ज़्यादा मीठी है। राष्ट्रपति महामा के साथ मिलकर, हमने अपने रिश्ते को एक व्यापक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमति जताई है।

 

Scroll to load tweet…

 

भारत जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

पीएम मोदी ने कहा कि अफ्रीका के साथ हमारी विकास साझेदारी मांग-संचालित है। हमारा उद्देश्य आत्मनिर्भर पारिस्थितिकी तंत्रों को सशक्त बनाना और उनका निर्माण करने में मदद करना है। इस साझेदारी को और गति देना मेरे लिए सम्मान की बात है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। हम पहले से ही वैश्विक विकास में लगभग 16% योगदान दे रहे हैं। हमारा जनसांख्यिकीय लाभांश फलदायी साबित हो रहा है, जो एक जीवंत और गतिशील अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ा रहा है। भारत दुनिया के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम का घर है। हम नवाचार और प्रौद्योगिकी के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में उभरे हैं, और हमें गर्व से दुनिया की फार्मेसी के रूप में पहचाना जाता है। भारतीय महिलाएं विज्ञान, विमानन और खेल में अग्रणी हैं। भारत चांद पर उतर चुका है।

1.4 बिलियन भारतीयों की ओर से सद्भावना लेकर आया हूं

घाना की संसद में पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रतिनिधि के रूप में, मैं 1.4 बिलियन भारतीयों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं और सद्भावना लेकर आया हूँ। जब हम घाना को देखते हैं तो हम एक ऐसे राष्ट्र को देखते हैं जो साहस के साथ खड़ा है। एक ऐसा राष्ट्र जो हर चुनौती का सम्मान और शालीनता से सामना करता है। समावेशी प्रगति के प्रति आपकी प्रतिबद्धता ने वास्तव में घाना को पूरे अफ्रीकी महाद्वीप के लिए प्रेरणा का केंद्र बना दिया है।

पीएम मोदी ने कहा कि दोस्तों, कल शाम एक बहुत ही मार्मिक अनुभव था। आपका राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करना एक बहुत बड़ा सम्मान है और मैं इसे हमेशा संजो कर रखूंगा। भारत को अक्सर लोकतंत्र की जननी कहा जाता है। हमारे लिए, लोकतंत्र केवल शासन की एक प्रणाली नहीं है, यह जीवन जीने का एक तरीका है, जो हमारे मौलिक मूल्यों में गहराई से निहित है। हजारों वर्षों से, हमने लोकतांत्रिक सिद्धांतों को कायम रखा है। वैशाली के प्राचीन गणराज्य से लेकर दुनिया के सबसे पुराने शास्त्रों में से एक ऋग्वेद के ज्ञान तक, जिसमें कहा गया है कि सभी दिशाओं से अच्छे विचार हमारे पास आएं। विचारों के प्रति यह खुलापन हमारे लोकतांत्रिक लोकाचार के मूल में है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में 2,000 से ज़्यादा राजनीतिक दल, 22 आधिकारिक भाषाएं और हज़ारों बोलियां हैं। यह विविधता कोई चुनौती नहीं है, यह हमारी ताकत है। यही कारण है कि सदियों से भारत आने वाले लोगों का हमेशा खुले दिल से स्वागत किया गया है।

बुधवार को घाना में जोरदार स्वागत

इसके पहले बुधवार को घाना पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत राष्ट्रपति जॉन महामा ने किया। पीएम को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर में 21 तोपों की सलामी दी गई। यहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों ने भी पीएम का जोरदार स्वागत किया।

घाना के राष्ट्रपति जॉन द्रामानी महामा के निमंत्रण पर पीएम मोदी 2-3 जुलाई को घाना में रहेंगे। नरेंद्र मोदी के रूप में 30 साल बाद कोई भारतीय पीएम घाना पहुंचे हैं। घाना ग्लोबल साउथ में एक महत्वपूर्ण भागीदार है। यह अफ्रीकी संघ और पश्चिम अफ्रीकी राज्यों के आर्थिक समुदाय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

घाना के बाद जाएंगे त्रिनिदाद और टोबैगो

अपनी यात्रा के दूसरे चरण में पीएम मोदी 3-4 जुलाई तक त्रिनिदाद और टोबैगो (टी एंड टी) का आधिकारिक दौरा करेंगे। पीएम मोदी पोर्ट ऑफ स्पेन से ब्यूनस आयर्स की भी यात्रा करेंगे। यह 57 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की अर्जेंटीना की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। इसके बाद वह 6-7 जुलाई को ब्राजील के रियो डी जनेरियो में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। नामीबिया की यात्रा से वह अपनी विदेश यात्रा का समापन करेंगे।