सार

पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने धड़ाधड़ आतंकियों को मार गिराया है। खैबर पख्तूनख्वा में तीन अलग-अलग अभियानों में 30 आतंकी ढेर। सेना ने हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया।

वर्ल्ड डेस्क। पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा में तीन अलग-अलग आतंक विरोधी अभियान चलाए हैं। इस दौरान 30 आतंकवादियों को मार गिराया गया है।

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विभाग ISPR (इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस) ने पुष्टि की है कि सेना ने शुक्रवार और शनिवार को लक्की मरवात जिले में खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाया। इसके चलते 18 आतंकवादी मारे गए और छह अन्य घायल हो गए।

करक जिले में सुरक्षा बलों ने एक अन्य खुफिया सूचना पर आधारित अभियान चलाया। यहां गोलीबारी के दौरान आठ आतंकवादियों को मार गिराया गया। तीसरी मुठभेड़ खैबर जिले के बाग इलाके में हुई। यहां सुरक्षा बलों ने अजीज उर रहमान कारी इस्माइल और खारजी मुखलिस सहित चार आतंकवादियों को मार गिराया। दो आतंकी घायल हो गए। सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। ये आतंकी क्षेत्र में सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों के खिलाफ कई हमलों में शामिल थे।

इससे पहले 12 जनवरी को सुरक्षा बलों ने उत्तरी वजीरिस्तान जिलों में दो अलग-अलग अभियानों में 9 आतंकवादियों को मार गिराया था। आईएसपीआर ने बताया है कि ख्वारिज की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों ने दोसल्ली के सामान्य क्षेत्र में खुफिया अभियान चलाया था। सैनिकों ने ख्वारिज के ठिकाने को घेरा, जिसके चलते गोलीबारी शुरू हुई। 11 जनवरी को सुरक्षा बलों ने मद्दी डेरा इस्माइल खान क्षेत्र में एक खुफिया ऑपरेशन के दौरान शफीउल्लाह शफी सहित पांच आतंकवादियों को मार गिराया था।