Israel Iran War: ईरान-इजरायल संघर्ष में अब अमेरिका भी कूद पड़ा है। राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर बमबारी की है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। 

Israel Iran War: ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष में अब अमेरिका भी खुलकर शामिल हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर बताया कि अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर बम गिराए हैं। हमले के बाद ट्रंप ने कहा कि अब शांति का समय है।

डोनाल्ड ट्रंप ने दी चेतावनी

अपने संबोधन के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने इसके बाद भी शांती नहीं बनाई तो आगे और भी सख्त कार्रवाई हो सकती है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका को सख्त चेतावनी दी है। ईरानी अधिकारियों ने कहा है कि अगर अमेरिका ने सैन्य हस्तक्षेप किया तो इससे ऐसा नुकसान होगा जिसकी भरपाई नहीं हो पाएगी।

ईरान ने अमेरिका को दी धमकी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई में अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर हमला करने की धमकी दी है। फिलहाल अमेरिका की सेनाएं इस क्षेत्र के कम से कम 19 अहम स्थानों पर मौजूद हैं, जिनमें बहरीन, मिस्र, इराक, जॉर्डन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: अमेरिकी हमले के बाद क्या होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करेगा ईरान? जानें क्यों अहम है यह तेल मार्ग

दोनों देशों के बीच बिगड़ सकते हैं हालात

ईरान समुद्री व्यापार के कुछ अहम रास्तों पर हमला कर सकता है खासकर हॉर्मुज जलडमरूमध्य को निशाना बनाने की आशंका है। यह रास्ता फारस की खाड़ी को हिंद महासागर से जोड़ता है और दुनिया का करीब 30% तेल इसी रास्ते से जाता है। अगर इसमें कोई रुकावट आती है तो दुनिया भर में तेल की सप्लाई पर असर पड़ेगा इसकी कीमतें बहुत ज्यादा बढ़ जाएंगी।

अब दोनों देशों के बीच हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों को डर है कि यह टकराव बड़े क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले सकता है जिसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा।