Israel-Iran War: अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों फोर्डो, नतांज और एस्फाहान पर हमला किया था।अब इस हमले के बाद अमेरिका ने दुनिया भर में अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Israel-Iran War: ईरान और इजरायल के बीच 3 जून से युद्ध चल रहा है। इस जंग में अब तक काफी नुकसान हुआ है। रविवार को हालात और भी बिगड़ गए क्योंकि अमेरिका खुलकर इस लड़ाई में शामिल हो गया। अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों फोर्डो, नतांज और एस्फाहान पर हमला किया था। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेना को बधाई दी थी और कहा था कि अब ईरान को शांती अपनानी चाहिए। ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब अमेरिका ने दुनिया भर में अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

नागरिकों को सतर्क रहने का दिया आदेश

अमेरिकी विदेश विभाग ने एक ट्वीट में कहा कि इजरायल-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष की वजह से मिडिल ईस्ट में यात्रा पर असर पड़ा है। कई बार इस क्षेत्र के हवाई मार्ग भी बंद किए गए हैं। विदेश विभाग ने कहा है कि विदेशों में अमेरिकी नागरिकों और उनके हितों के खिलाफ प्रदर्शन हो सकते हैं। इसलिए दुनिया भर में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को सावधानी बरतनी चाहिए और सतर्क रहना चाहिए।

यह भी पढ़ें: क्या भारत के ऊपर से उड़कर ईरान पर हमला करने गए अमेरिकी B-2 बॉम्बर? जानें वायरल दावे की सच्चाई

253 से ज्यादा ईरानी सैनिकों की मौत

वॉशिंगटन स्थित एक मानवाधिकार समूह ने ईरान में हुए हमलों के बाद मरने वालों के आंकड़े जारी किए हैं। उनके मुताबिक, इन हमलों में अब तक 380 से ज्यादा आम नागरिक और 253 से ज्यादा ईरानी सैनिकों की मौत हो चुकी है। वहीं, अमेरिकी सैन्य अधिकारियों को आशंका है कि ईरान समर्थित मिलिशिया समूह इराक और शायद सीरिया में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला कर सकते हैं। इराकी अधिकारी हालात को और बिगड़ने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

इस बीच अमेरिका ने अपने सैन्य ठिकानों की सुरक्षा बढ़ा दी है और किसी भी हमले से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।