सार

मैनचेस्टर जा रहे इजीजेट विमान में पायलट के बेहोश होने से हड़कंप मच गया। को-पायलट ने सूझबूझ से विमान की एथेंस में इमरजेंसी लैंडिंग कराई। यात्रियों ने को-पायलट की बहादुरी की प्रशंसा की।

EasyJet Flight Emergency Landing: मिस्र के हर्गहाडा से यूके के मैनचेस्टर जा रहा इजीजेट का विमान हादसे का शिकार होने से बच गया। विमान उड़ान भर रहा था तभी उसका पायलट बेहोश हो गया। वह विमान के कंट्रोल पर गिर गया। इसके बाद इजीजेट के विमान को ग्रीस के एथेंस में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

पायलट के बेहोश होकर कंट्रोल पर गिरने से विमान में अफरा-तफरी मच गई थी। केबिन क्रू के सदस्य ड्रिंक कार्ट छोड़कर कॉकपिट की ओर भागे। यात्रियों से पायलट के लिए मेडिकल हेल्प मांगी गई। इसके बाद घोषणा की गई कि विमान इमरजेंसी लैंडिंग करने जा रहा है।

को-पायलट ने विमान को जमीन पर उतारा

मुख्य पायलट के बेहोश होने के बाद को-पायलट ने विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लिया। उसने विमान को एथेंस एयरपोर्ट पर उतारा। पैरामेडिक्स और एम्बुलेंस पहले से पायलट की मदद के लिए मौजूद थे। विमान के जमीन पर उतरने के बाद उसमें सवार यात्रियों ने राहत की सांस ली। उन्होंने को-पायलट की सराहना की। कहा कि उन्होंने बहुत बहुत बढ़िया काम किया है। संकट से निपटने में केबिन क्रू ने भी अच्छा काम किया।

विमान के उड़ान भरने के दो घंटे बाद बेहोश हुआ पायलट

एक यात्री ने बताया कि उड़ान के लगभग दो घंटे बाद उन्हें लगा कि कुछ गड़बड़ है। उस समय केबिन क्रू द्वारा ड्रिंक्स सर्व किया जा रहा था। वह अचानक कॉकपिट में पहुंचे। एक व्यक्ति बेहोश पड़ा था। केबिन क्रू के लोगों ने यात्रियों से पूछा कि क्या आपमें से कोई डॉक्टर है। पायलट बीमार हो गए हैं। यह जानकर यात्री काफी चिंतित और बेचैन हो गए थे।

यह भी पढ़ें- जमीन खा गई या आसमान निगल गया? 10 यात्रियों के साथ अचानक से लापता हुआ विमान

इजीजेट के प्रवक्ता ने कहा कि कल शाम हर्गहाडा से मैनचेस्टर जाने वाली फ्लाइट EZY2252 को एथेंस की ओर मोड़ दिया गया था। कैप्टन को इलाज की जरूरत थी। फर्स्ट ऑफिसर ने लैंडिंग की। आगे की उड़ान में रात भर की देरी हुई। हमने व्यवधान के प्रभाव को कम करने के लिए हर संभव प्रयास किया। होटल के कमरे और भोजन की व्यवस्था की। हम यात्रियों को हुई असुविधा के लिए क्षमा चाहते हैं।