सार

अमेरिका ने अवैध भारतीय प्रवासियों को वापस भेजने के लिए एक सैन्य विमान भारत रवाना किया है। हालांकि, विमान में कितने प्रवासी हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। यह ट्रंप प्रशासन के बड़े निर्वासन अभियान का हिस्सा है।

वर्ल्ड डेस्क। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) अवैध प्रवासियों को वापस उनके देश भेजने का अभियान चला रहे हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार अमेरिका का एक सैन्य विमान सोमवार को भारत के लिए रवाना हुआ है। इसमें 205 भारतीय प्रवासी हैं। अमेरिकी सरकार के अधिकारी के अनुसार C-17 विमान प्रवासियों को लेकर भारत के लिए रवाना हुआ है। यह कम से कम 24 घंटे तक नहीं पहुंचेगा। 

ट्रंप ने अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा निर्वासन अभियान चलाने का वादा किया है। अमेरिका के ICE (Immigration and Customs Enforcement) के अनुसार करीब 18 हजार भारतीय बिना वैध दस्तावेज के रह रहे हैं। ट्रंप सरकार ने 15 लाख प्रवासियों को देश से निकालने का फैसला किया है।

अवैध रूप से रह रहे भारतीयों की वैध वापसी के लिए तैयार है भारत

पिछले महीने अमेरिका से निर्वासन योजना के बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा था कि भारत हमेशा से अवैध रूप से रह रहे भारतीयों की वैध वापसी के लिए तैयार रहा है।

जयशंकर ने कहा था, "हर देश के साथ, और अमेरिका कोई अपवाद नहीं है, यदि हमारा कोई नागरिक अवैध रूप से वहां है, और यदि हमें यकीन है कि वे हमारे नागरिक हैं, तो हम हमेशा उनके वैध भारत वापसी के लिए तैयार हैं।"

बता दें कि अवैध प्रवासियों के भेजे जाने के तरीके को लेकर अमेरिका की आलोचना हुई है। अवैध प्रवासियों को हाथों में हथकड़ी और पैर में जंजीर लगाकर सैन्य विमान में चढ़ाया गया। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की गईं हैं।

यह भी पढ़ें- ट्रंप को कनाडा का करारा जवाब! अरबों डॉलर का नुकसान, मस्क भी सदमे में?

पेंटागन ने एल पासो, टेक्सास और सैन डिएगो, कैलिफोर्निया में अमेरिकी अधिकारियों द्वारा पकड़े गए 5,000 से अधिक अप्रवासियों को निर्वासित करने के लिए उड़ानें उपलब्ध करानी शुरू कर दी हैं। सैन्य विमानों से ग्वाटेमाला, पेरू और होंडुरास में प्रवासियों को भेजा गया है।