सार

Donald Trump: रूस अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच सीधी वार्ता की तैयारी कर रहा है। इसी बीच, अमेरिका और यूक्रेन के बीच एक महत्वपूर्ण खनिज खरीद समझौता हुआ है। 

Donald Trump: रूस अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच सीधी वार्ता की तैयारी कर रहा है। इसी बीच, अमेरिका और यूक्रेन के बीच खनिज खरीद समझौता हुआ है जिसके तहत यूक्रेन के खनिजों तक अमेरिका की पहुंच हो जाएगी। ट्रंप ने कहा है कि इस समझौते के तहत यूरोपीय देश यूक्रेन के दुर्लभ खनिज और अन्य प्राकृतिक संसाधनों तक अमेरिका को पहुँच मिलेगी।

व्हाइट हाउस में बोलते हुए ट्रंप ने बाइडेन पर लगाए थे आरोप

ट्रंप ने कहा है कि ये समझौता एक ट्रिलियन डॉलर तक का हो सकता है और इससे अमेरिकी करदाताओं के पैसों की वापसी सुनिश्चित होगी। यूक्रेन युद्ध के दौरान, अमेरिका ने यूक्रेन को बड़ी आर्थिक मदद दी थी। व्हाइट हाउस में बोलते हुए ट्रंप ने पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जो बाइडेन पर यूक्रेन युद्ध में अमेरिका के तीन सौ अरब डॉलर से अधिक खर्च करने के आरोप लगाए। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन पर तीन सौ अरब डॉलर खर्च किए।

ट्रंप ने कहा कि हमने रूस और यूक्रेन के बीच ऐसे युद्ध में सैकड़ों अरब डॉलर खर्च कर दिए जो युद्ध होना ही नहीं चाहिए था।  जब ट्रंप से पूछा गया कि दुर्लभ खनिजों के बदले यूक्रेन को क्या मिलेगा तो ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पहले ही यूक्रेन की साढ़े तीन सौ अरब डॉलर की मदद कर चुका है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को अमेरिका हथियार मिलेंगे और लड़ते रहने का अधिकार मिलेगा।

यह भी पढ़ें: संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को दिखा दी उसकी असली औकात, कहा- मदद के भरोसे टिका नाकाम देश

ट्रंप के सत्ता में आने के बाद इन देशों के रिश्तों में आया बदलाव

अमेरिका की कांग्रेस रिसर्च सर्विस के मुताबिक, साल 2022 से 2024 के बीच अमेरिका ने यूक्रेन युद्ध पर करीब 170 अरब डॉलर खर्च किए। ट्रंप के सत्ता में आने के बाद यूक्रेन और अमेरिका के बीच रिश्तों में बदलाव आया है। यूक्रेन ट्रंप शासन की नई वास्तविकता के साथ सामजस्य बिठाने की कोशिश कर रहा है। इस खनिज सौदे को उसी का नतीजा माना जा रहा है।

हाल ही में, सऊदी अरब में रूस के साथ हुई वार्ता के दौरान अमेरिका ने यूक्रेन को इस वार्ता से बाहर रखा था। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की शुक्रवार को अमेरिका का दौरा कर रहे हैं। जब ट्रंप से इस दौरे के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि एक बहुत बड़ा सौदा होने जा रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप सत्ता में आने के बाद से कई बार ये कह चुके हैं को वो यूक्रेन युद्ध की समाप्ति चाहते हैं।

राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति पुतिन करेंगे मुलाकात

यूक्रेन और कई यूरोपीय देशों में ये चिंता है कि ट्रंप इस युद्ध के रूस के पक्ष में समाप्त होने पर सहमति दे सकते हैं। या ये युद्ध ऐसी शर्तों पर समाप्त हो सकता है जो रूस के हित में अधिक हों। इसी बीच, रूस ने अमेरिका राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बीच सीधी मुलाकात की घोषणा की है। रूस ने कहा है कि वह दोनों नेताओं के बीच सीधी वार्ता की तैयारी कर रहा है। रूस के उप-विदेश मंत्री सर्गेई रियाबकोव ने कहा है कि इस वार्ता के दौरान युक्रेन युद्ध के अलावा दूसरे वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।