वर्ल्ड डेस्क। एयर कनाडा का एक विमान शनिवार को हादसे का शिकार हो गया। विमान ने हैलिफैक्स एयरपोर्ट पर भयावह लैंडिंग की। विमान में सवार लोगों की जान बाल बाल बची। विमान रनवे से फिसल गया था। उसके लैंडिंग गियर टूट गए थे। हादसे के दौरान उसमें आग भी लग गई थी। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

 

Scroll to load tweet…

 

लैंडिंग गियर में आई थी खराबी

एयर कनाडा के विमान के लैंडिंग गियर में खराबी आ गई थी, जिसके चलते वह ठीक से खुल नहीं सका। लैंडिंग के वक्त विमान का पंख रनवे से टकरा गया और आग लग गई। आपातकालीन दल ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाई। इससे विमान में सवार सभी यात्रियों और चालक दल की जान बच गई।

विमान में सवार एक महिला यात्री ने मीडिया से कहा, "एक टायर लैंडिंग के समय ठीक से नहीं खुला था। इसके चलते विमान बाईं ओर लगभग 20 डिग्री के कोण पर झुक गया। हमने बहुत तेज आवाज सुनी। लगा जैसे हादसा हो गया है। विमान का पंख फुटपाथ पर फिसलने लगा। मुझे लगता है कि इंजन भी जमीन को छू गया था।"

हैलिफैक्स एयरपोर्ट बंद

हादसे के बाद एहतियात के तौर पर हैलिफैक्स एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यह घटना दक्षिण कोरिया के मुआन एयरपोर्ट पर उतरते समय बोइंग 737 में आग लगने के कुछ ही घंटों बाद हुई। दक्षिण कोरिया में हुए विमान हादसे में 179 लोगों की मौत हुई है। विमान में 181 लोग सवार थे। दो लोग बेहद गंभीर हालत में जीवित मिले हैं। उनका इलाज चल रहा है। जेजू एयर का विमान लैंडिग के समय रनवे से फिसलकर बाड़ से जा टकराया। बताया जा रहा है कि विमान से पक्षी टकराया था। इसके चलते उसके लैंडिंग गियर में खराबी आई थी। पायलट ने बेली लैंडिंग किया था।