अमेरिका और इजराइल के ईरान पर लगातार हमलों से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। इसका असर अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर साफ दिखने लगा है।
शुक्रवार को लखनऊ में पावर पेट्रोल के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। नई कीमत अब 103.92 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
जहां पेट्रोल महंगा हुआ है, वहीं पावर डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे डीजल उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है।
19 मार्च 2026 तक लखनऊ में सामान्य पेट्रोल 94.69 रुपये और डीजल 87.76 रुपये प्रति लीटर पर ही बिक रहा है। इनमें कोई बदलाव नहीं हुआ।
एक तरफ एलपीजी गैस की कमी की खबरें हैं, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में शुक्रवार को थोड़ी गिरावट देखी गई। ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया है।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बयान के बाद निवेशकों की चिंता कम हुई। उन्होंने ईरान पर और हमले न करने के संकेत दिए हैं।
वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड की कीमत भी घटकर करीब 94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है, जिससे वैश्विक बाजार को थोड़ी राहत मिली है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भारत के लिए राहत है। इससे आयात बिल कम हो सकता है और आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल के दाम नियंत्रित रह सकते हैं।