सार

World Snake day 2022: दुनियाभर में सबसे अधिक प्रजातियों के सांप ब्राजील में मिलते हैं, जबकि आईसलैंड, किरिबाती और न्यूजीलैंड जैसी कुछ जगहें ऐसी हैं, जहां सांप नहीं मिलते। दुनियाभर में करीब साढ़े तीन हजार प्रजाति के सांप हैं, जिनमें 600 जहरीले हैं। 

ट्रेंडिंग डेस्क। World Snake day 2022: सांप ऐसा सरीसृप जीव है, जिसका नाम ही इंसानों में भय पैदा करने के लिए काफी है। उसे देखने के बाद लोगों की क्या हालत होती है, यह बताने की शायद जरूरत नहीं। हालांकि, कुछ परंपराओं में सांप उपचार और प्रजनन क्षमता बढ़ाने के तौर पर भी मशहूर हैं। बहरहाल, आप उनके बारे में अपनी चाहे जो राय रखते हों, मगर यह जरूरी है कि इंसानों को अपनी दुनिया उनके साथ शेयर करनी ही चाहिए। या कहें, इंसानी जीवन सांपों के बिना पूरा नहीं है। 

क्या आप जानते हैं कि दुनियाभर में कितने प्रजाति के सांप है। सांप बहरे होते हैं या नहीं और सांप से बचने के लिए आपको किन बातों पर ध्यान देना जरूरी है। सांप के पैर नहीं होते। वे एक्टोथर्मिक यानी ठंडे खून वाले होते हैं। इसका अर्थ है कि वे अपने शरीर के तापमान को जगह के हिसाब से नियंत्रित कर लेते हैं। 

साढ़े तीन हजार प्रजातियां, 600 जहरीले सांप 
दुनिया में सांपों की लगभग 3,500 प्रजातियां हैं। इनमें से 600 जहरीले हैं। जहरीले सांपों की केवल 200 प्रजातियां ही इंसानों को नुकसान पहुंचाने या मारने में सक्षम हैं।  इसे देखते हुए, लोगों के मन में जो भय होता है सांप के प्रति वह कुछ हद तक भ्रम होता है कि ज्यादातर सांप काटते हैं। हां, इनकी पहचान करना जरूरी है। वैसे, दुनिया में सांप की विभिन्न प्रजातियों की सही संख्या जानना असंभव है। मगर वैज्ञानिकों का अनुमान है कि कुल जहरीले सांपों की संख्या करीब दस लाख तक होगी।  

जानिए किस देश में सबसे ज्यादा सांप और उनकी प्रजातियां 
ब्राजील में दुनिया के किसी भी देश की तुलना में अधिक सांप की प्रजातियां हैं। इस देश में 375 से अधिक प्रजातियां रहती हैं। कुछ हानि नहीं पहुंचाते तो कुछ सबसे खतरनाक। ब्राजील दक्षिण अमेरिकी वर्षावन का 60 प्रतिशत हिस्सा है। ऐसी जगह इन सरीसृपों के लिए एक उपजाऊ भूमि की तरह होती है और इनके प्रजनन के लिए बिल्कुल माकूल। वैसे, एक बात और, ब्राजील सबसे अधिक कंस्ट्रिक्टर्स (ऐसे सांप जो अपने शिकार को कुचलकर मारते हैं) और गैर विषैले सांपों के लिए भी मशहूर है। इनमें सबसे भयानक है एनाकोंडा। यह ऐसा विशाल सांप है, जो एक इंसान को पूरा निगल सकता है। कंस्ट्रिक्टर्स के अन्य उदाहरणों में बोआ और एमराल्ड ट्री बोआ शामिल हैं। ब्राजील जहरीले सांपों का भी घर है, जिनमें फेर-डी-लांस और मूंगा सांप शामिल हैं। सांप के रहने के लिए दुनियाभर में तमाम जगहें हैं। जैसे कई सांप धरती के नीचे रहते हैं, तो कुछ पानी में अंदर। कुछ रेत में तो कुछ पेड़ पर। कुछ घास के मैदानों में तो कुछ दलदल में। कुछ जंगल में तो कुछ शहरी क्षेत्र में। 

कई ऐसे भी देश जहां सांप बिल्कुल नहीं मिलते, इसकी भी बड़ी वजह 
दुनिया में कई देश ऐसे हैं, जहां सांप मौजूद नहीं होते। आयरलैंड, आइसलैंड, ग्रीनलैंड, न्यूजीलैंड और अंटार्कटिका सभी सांप से मुक्त जगहें हैं। इस सूची में किरिबाती जैसे कुछ छोटे प्रशांत द्वीप भी शामिल हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड में सांप नहीं मिलना लोगों को जरा चौंकाता है, क्योंकि पड़ोसी देश आस्ट्रेलिया सांपों से भरा पड़ा है, मगर न्यूजीलैंड इससे क्यों अछूता है, इसको लेकर अलग-अलग राय है। हालांकि, विशेषज्ञ बताते हैं कि न्यूजीलैंड में मौसम की लगातार बदलती रही परिस्थितियां इसके लिए ज्यादा जिम्मेदार हैं। फिर भी समुद्री सांप कई बार तटों पर दिखाई दे जाते हैं। मगर ये जहरीले नहीं होते। 

हटके में खबरें और भी हैं..

नौकरी हासिल करने के लिए युवक ने आजमाया अजीबो-गरीब तरीका, Zomato ने कहा- यह अच्छी बात नहीं

दिल्ली के युवक ने पैंगोंग झील पर कुछ इस अंदाज में खिंचवाई फोटो..यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शन

यहां सिर्फ पति तोड़ता है लड़की की वर्जिनिटी, टेस्ट में फेल हुई तो जान से मार देते हैं कई घर वाले