सार
गुरुग्राम: दुनिया भर में वैलेंटाइन डे मनाया जा रहा है। पार्क, होटल, पब सभी जगह प्रेमी जोड़ों से भरे हुए हैं। कई लोग अपने प्यार का इज़हार कर खुशियां मना रहे हैं। पार्टी और गिफ्ट्स की भरमार है। भारत में भी वैलेंटाइन डे की धूम है, जश्न छुपकर और खुलकर मनाया जा रहा है। इसी बीच गुरुग्राम में एक लड़की ने अपने एक्स-बॉयफ्रेंड से वैलेंटाइन डे पर ही बदला लिया। 24 साल की आयुषी रावत ने अपने एक्स के घर पूरे 100 पिज्जा ऑर्डर कर दिए। और वो भी कैश ऑन डिलीवरी।
यश और आयुषी रावत कुछ समय तक रिलेशनशिप में थे। लेकिन कुछ कारणों से दोनों के बीच अनबन हो गई। आयुषी रावत इस अनबन को सुलझाकर रिश्ता आगे बढ़ाना चाहती थी। लेकिन यश इसके लिए तैयार नहीं था। उसने अचानक ब्रेकअप कर लिया और दूर चला गया। इससे आयुषी को बहुत दुख हुआ। आयुषी रावत चाहकर भी अपने एक्स यश को भुला नहीं पा रही थी। उसे लगता था कि यश ने उसके साथ धोखा किया है, प्यार का नाटक करके आखिर में ब्रेकअप कर लिया।
वैलेंटाइन डे पर उसका एक्स फिर से उसे याद आने लगा। आयुषी रावत ने अपने धोखेबाज़ एक्स यश से बदला लेने की ठान ली। इसके लिए उसने एक प्यारा और महंगा बदला सोचा। उसने ऑनलाइन 100 पिज्जा ऑर्डर कर दिए। ये पिज्जा उसने अपने एक्स के घर के पते पर मंगवाए। लेकिन उसने ऑनलाइन पेमेंट नहीं की। उसने कैश ऑन डिलीवरी का विकल्प चुना।
ऑर्डर करने के कुछ देर बाद ही फूड डिलीवरी एजेंट 100 पिज्जा लेकर उसके एक्स यश के घर पहुंच गया। सारे पिज्जा एक साथ उसके घर डिलीवर कर दिए गए। एक पिज्जा की कीमत कम से कम 150 रुपये मानें तो यश को 15,000 रुपये चुकाने पड़ते। यहाँ आयुषी ने कितने रुपये के पिज्जा ऑर्डर किए, ये साफ नहीं है। लेकिन उसने अपने एक्स से बदला जरूर ले लिया।
इस बदले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कई लोगों ने कमेंट किया है कि अगर बदला लेना है तो ऐसे लिया जाता है। कई लोगों ने सलाह दी है कि बदला लेने के लिए दूसरा तरीका मत सोचो, यही तरीका अपनाओ। वैलेंटाइन डे पर इस तरह बदला लेने की घटना अब खूब चर्चा में है।