सार

क्रिस्टा जारमन ने ताजमहल को सुबह के समय देखने का अनोखा अनुभव साझा किया। भीड़ से दूर, सूर्योदय की रोशनी में ताजमहल का नज़ारा उन्हें जादुई लगा। लाखों लोगों ने उनकी पोस्ट देखी और कईयों ने सुबह ताजमहल देखने की इच्छा जताई।

दुनिया के सात अजूबों में से एक ताजमहल को माना जाता है। प्राचीन भारतीय वास्तुकला का प्रतीक, ये संगमरमर का बना एक प्रेम स्मारक है। हर साल दुनिया भर से लाखों लोग ताजमहल देखने आते हैं। ये इमारत सूरज की रोशनी और चांदनी में एक जैसी खूबसूरत लगती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ताजमहल देखने का सबसे अच्छा समय कौन सा है? 

यूके की रहने वाली क्रिस्टा जारमन ने बताया है कि सुबह का समय सबसे अच्छा होता है। क्रिस्टा ने अपने गाइड डॉनी की सलाह मानकर सुबह-सुबह ताजमहल देखने गईं। उस दिन क्रिस्टा ताजमहल में दाखिल होने वाली पहली पर्यटक थीं। क्रिस्टा का कहना है कि भारत उनके लिए एक अस्थायी घर जैसा है। उनका मानना है कि सुबह के समय ताजमहल सबसे ज्यादा खूबसूरत दिखता है। 

 

View post on Instagram
 

ताजमहल के गेट सुबह पांच बजे खुलते हैं। लेकिन, अपने गाइड पर भरोसा करके क्रिस्टा 4:45 बजे ही ताजमहल के गेट पर पहुंच गईं। क्रिस्टा का कहना है कि वो सुबह उनके जीवन का एक यादगार पल था। उन्होंने उस पल को "जादुई" बताया और बताया कि कैसे उन्होंने ताजमहल को सुबह की हल्की रोशनी में उभरते देखा। सुबह के हल्के रंग और भीड़-भाड़ से दूर ताजमहल का नज़ारा बेहद सुकून देने वाला था। 

क्रिस्टा ने अपने गाइड को इतना खूबसूरत नज़ारा दिखाने के लिए धन्यवाद दिया। 23 लाख से ज्यादा लोगों ने क्रिस्टा की पोस्ट देखी। एक दर्शक ने लिखा कि वो भारतीय होने के बावजूद इतने शांत ताजमहल का अनुभव कभी नहीं कर पाए। कई लोगों ने कमेंट किया कि अगली बार वो भी सुबह-सुबह ताजमहल देखेंगे।