सार
Top 10 places in Uttar Pradesh: अक्सर हम विदेश घूमने जाने की प्लानिंग में अपने देश की सुंदर जगहों को भूल जाते हैं। हम आपको यहां पर यूपी के 10 ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां पर आप कम बजट में घूमकर कभी ना भूलने वाली यादें बना सकते हैं।
Top tourist places in Uttar Pradesh: बेहद खूबसूरत देश है हमारा और यहां के हर राज्य की अपनी खासियत और सांस्कृतिक पहचान है। हर राज्य में ऐसी-ऐसी जगहें घूमने वाली है जो विदेश की खूबसूरती को फेल करती है। यहां पर जाकर ना सिर्फ एक कभी ना भूलने वाली याद बना सकते हैं, बल्कि कई चीजें सीखने को भी मिलेगी। हम यहां पर यूपी के 10 ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां हर किसी को जाना ही चाहिए।
1. वाराणसी आध्यात्म और इतिहास का संगम
वाराणसी गंगा के घाट पर बसा हुआ सबसे पुराने शहरों में से एक है। इस शहर का अपना ऐतिहासिक महत्व है। अगर आपको आध्यात्म से जुड़ना है तो वाराणसी का ट्रिप जरूर करें। यहां पर काशी विश्वनाथ मंदिर, पुरानी इमारते और गंगा नदी में नाव से भ्रमण कर सकते हैं। शाम की गंगा आरती में शामिल होकर आपको एक अलग ही अनुभव होगा। यहां के डिश भी जरूर ट्राई करें। वाराणसी घूमने और रहने का खर्चा बहुत ही कम आएगा। 1000-6000 रुपए पर नाइट के होटल आपको मिल जाएंगे।
2. प्रयागराज को कहते हैं संगम नगरी
अगर वाराणसी जा रहे हैं तो प्रयागराज भी जरूर जाएं। यहां की खूबसूरती किसी भी विदेशी डेस्टिनेशन से कम नहीं हैं। यहां का त्रिवेणी संगम और इलाहाबाद फोर्ट देखने लायक हैं। फ्लाइट, ट्रेन या बस से आप यहां पर आ सकते हैं।
3. आगरा का ताजमहल नहीं देखा तो क्या देखा
अगर आप किसी विदेशी टूरिस्ट प्लेस जैसी जगह देखना चाहते हैं, तो आगरा का ताजमहल आपकी लिस्ट में सबसे ऊपर होना चाहिए। यह दुनिया के सात अजूबों में से एक है और हर साल लाखों विदेशी पर्यटक इसे देखने आते हैं। आगरा में कई और ऐतिहासिक इमारत हैं जिसे आप एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां पर 2 दिन का प्लान बनाएं।
4. लखनऊ नवाबी अंदाज़ और बेहतरीन खानपान
लखनऊ अपनी तहज़ीब, ऐतिहासिक इमारतों और स्वादिष्ट खाने के लिए जाना जाता है। बड़ा इमामबाड़ा, रूमी दरवाज़ा और लखनऊ का चौक बाजार आपको किसी विदेशी ऐतिहासिक शहर की फीलिंग देंगे। अगर यहां पर आते हैं तो लखनऊ की बिरयानी जरूर ट्राई कीजिएगा। चिकनकारी आउटफिट भी आप खरीद सकते हैं।
5. मथुरा-वृंदावन, भगवान कृष्ण-राधा की नगरी
अगर आप धार्मिक पर्यटन में रुचि रखते हैं, तो मथुरा और वृंदावन से बेहतर जगह नहीं हो सकती। यह जगहें आपको विदेश की किसी धार्मिक नगरी से कम नहीं लगेंगी। होली और जन्माष्टमी के दौरान यहां का नजारा बेहद खास होता है। यहां की पुरानी गलियों में कृष्ण और राधा की छवि नजर आएगी। हर कोई भक्ति के भाव में डूबा नजर आएगा। यहां पर आने के बाद आपके अंदर एक अद्भुत बदलाव आएंगे।
6. चंद्रप्रभा वाइल्डलाइफ सेंचुरी-प्रकृति प्रेमियों के लिए बेस्ट
वाराणसी के पास स्थित यह जंगल सफारी और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है। यहां का झरना और हरा-भरा वातावरण आपको किसी विदेशी नैचुरल डेस्टिनेशन जैसा अनुभव देगा।
7. दुधवा नेशनल पार्क – उत्तर प्रदेश का जंगल सफारी
अगर आप अफ्रीका के जंगलों में सफारी का सपना देख रहे हैं, तो पहले दुधवा नेशनल पार्क घूमकर देखें। यह जगह बंगाल टाइगर, हाथी और गैंडे के लिए मशहूर है और आपको एक रोमांचक अनुभव देगी।
8. अयोध्या – मर्यादा पुरुषोत्तम राम की नगरी
श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां के राम मंदिर, सरयू नदी के घाट और दीपोत्सव उत्सव देखने लायक होते हैं। यहां पर भव्य राम मंदिर बनाया गया है, जिसे देखकर आपकी आंखें चमक उठेंगी। आप यहां पर भी 10-15 हजार रुपए में घूम कर वापस लौट सकते हैं।
9. कुशीनगर – भगवान बुद्ध से जुड़ा पवित्र स्थल
अगर आप बौद्ध धर्म और आध्यात्म से जुड़े स्थलों की यात्रा करना चाहते हैं, तो कुशीनगर जरूर जाएं। यह वह स्थान है, जहां भगवान बुद्ध ने महापरिनिर्वाण प्राप्त किया था। यहां विदेशी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
10. झांसी में वीरता की झलक
झांसी यूपी का एक ऐसा शहर है जो इतिहास प्रेमियों को खासतौर से पसंद आता है। झांसी का गौरवशाली इतिहास और प्राचीन किले इस शहर को देखने लायक बनाते हैं। यहां पर आकर आप रानी लक्ष्मी बाई की वीरता से परिचित हो सकते हैं। झांसी किला, लक्ष्मीबाई महल और म्यूजियम आपको भारतीय इतिहास की महान गाथाओं से परिचित कराएंगे।