सार

स्वीडन की फिनटेक कंपनी Klarna ने दो साल पहले अपने सैकड़ों कर्मचारियों को हटाकर AI टेक्नोलॉजी को अपना लिया था। लेकिन अब कंपनी को अपनी गलती का एहसास हुआ है। AI का आउटपुट उतनी क्वालिटी नहीं दे पाया जितनी इंसानी कर्मचारियों की होती है।

Klarna Human vs AI : एआई की वजह से दो साल पहले इंसानों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखाने वाली स्वीडिश फिनटेक कंपनी अब फिर से इंसान तलाश रही है।  क्योंकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से काम तो हुआ लेकिन क्वॉलिटी खराब हो गई। अब कंपनी अपने फैसले पर पछता रही है। मैनेजमेंट को समझ आ गया है कि मशीनें कभी इंसानों की जगह नहीं ले सकती हैं और दोबारा से इंसानी कर्मचारियों को हायर कर रही है। यह कंपनी स्वीडन की मशहूर फिनटेक Klarna है।

AI पर भरोसा कर कर्मचारियों को नौकरी से निकाला

Klarna एक समय में यूरोप की सबसे तेजी से बढ़ती फिनटेक कंपनी थी। 2022 में, कंपनी ने सैकड़ों कर्मचारियों की छंटनी कर दी, 2023 तक नई हायरिंग पूरी तरह रोक दी. OpenAI से पार्टनरशिप करके कंपनी ने AI को कस्टमर सर्विस (Customer Service), डेटा, ट्रांसलेशन और यहां तक कि डिजाइनिंग के काम में उतार दिया। तब कंपनी के CEO सेबेस्टियन सिएमियाटकोव्स्की ने दावा किया कि'AI 700 वर्कर्स का काम अकेले कर रही है और इससे 10 मिलियन डॉलर की बचत हुई है।'

अब क्या हुआ

Klarna ने भले ही इंसानों की जगह एआई को काम पर रखा लेकिन मशीनें इंसान नहीं बन सकीं और कुछ ही समय में काम की क्वॉलिटी ही खराब हो गई। हाल ही में Futurism को दिए एक इंटरव्यू में CEO ने माना कि 'AI उतनी अच्छी क्वालिटी नहीं दे पाया, जितनी उम्मीद थी। इससे कस्टमर एक्सपीरियंस गिर गया, ब्रांड इमेज को नुकसान हुआ। क्लाइंट्स को वो समझ, वो सहानुभूति और वो ह्यूमन टच नहीं मिला जो एक असली इंसान दे सकता है। कस्टमर एक्सपीरियंस पर इसका नेगेटिव असर पड़ा है।' उन्होंने ये भी कहा कि, 'भले ही खर्च कम हुआ, लेकिन कस्टमर से इंसानी जुड़ाव खत्म हो गया। यही कंपनी की सबसे बड़ी गलती थी।'

अब Klarna फिर से कर्मचारी हायर कर रही है

Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, Klarna अब फिर से इंसानों को हायर करने जा रही है। खासतौर पर ऐसे रोल्स में, जहां Empathy, Judgment और इंसानी समझदारी की जरूरत होती है। इतना ही नहीं, कंपनी एक नया मॉडल टेस्ट कर रही है, जहां लोग Uber ड्राइवर की तरह रिमोट से काम कर सकेंगे। यानी फ्रीडम भी और कमाई भी। 2022 में कंपनी में 5500 से ज्यादा कर्मचारी थे, लेकिन 2024 के अंत तक ये संख्या गिरकर 3400 रह गई।

Klarna क्या करती है

Klarna एक फिनटेक कंपनी है जो 'Buy Now, Pay Later' मॉडल पर काम करती है। यानी कस्टमर सामान ऑर्डर करके बाद में, बिना ब्याज, किश्तों में पेमेंट कर सकते हैं। कंपनी अब इंसानी कर्मचारियों के साथ फिर से उसी ऊंचाई की ओर लौटना चाहती है।