रेडमी K90 Max 21 अप्रैल को चीन में लॉन्च होगा। इसमें 165Hz डिस्प्ले, 100W चार्जिंग वाली 8,550 mAh बैटरी और 50MP ट्रिपल कैमरा है। यह भारत में Xiaomi 17T के नाम से आ सकता है।
रेडमी ने अपने नए स्मार्टफोन मॉडल Redmi K90 Max की चीन में लॉन्चिंग का ऐलान कर दिया है। यह फोन 21 अप्रैल को चीन के बाजार में उतारा जाएगा। Redmi K90 Max की सबसे बड़ी खासियत इसका 165 हर्ट्ज़ का दमदार स्क्रीन है। यह फोन कंपनी की मौजूदा Redmi K90 और Redmi K90 Pro Max सीरीज का हिस्सा होगा। रिपोर्ट्स की मानें तो Redmi K90 Max को भारत में Xiaomi 17T के नाम से लॉन्च किया जा सकता है।
Redmi K90 Max: डिस्प्ले और परफॉर्मेंस
Redmi K90 Max में एक एक्टिव कूलिंग सिस्टम भी दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह सिस्टम सिर्फ 100 सेकंड में फोन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 9500 SoC चिपसेट है। वहीं, इसमें 16GB रैम और 1TB स्टोरेज के साथ स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 चिप होने का भी दावा किया गया है। फोन में 100 वॉट वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट के साथ 8,550 mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। यह 22.5 वॉट की रिवर्स वायर्ड चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है। इस फोन को IP66, IP68 और IP69 की रेटिंग मिली है, जो इसे पानी और धूल से बचाती है। फोन में 6.83-इंच का डिस्प्ले है, जो 165 हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और 1.5K रेजोल्यूशन के साथ आता है। इसमें आंखों की सुरक्षा के लिए एक नया आई प्रोटेक्शन सिस्टम भी मौजूद है।
Redmi K90 Max: कैमरा
कैमरे की बात करें तो Redmi K90 Max में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा, 5x जूम के साथ 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस और 50MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कंपनी का दावा है कि इस फोन से 8K रेजोल्यूशन में वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है।
