मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि भगदड़ एक श्रद्धालु के गिरने के चलते मची थी। करंट लगने जैसी घटना नहीं हुई।

Mansa Devi Temple Stampede: हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह मची भगदड़ के चलते 6 लोगों की मौत हो गई और करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। पहले जानकारी सामने आई कि बिजली का झटका लगने से भगदड़ मची। मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अधिकारियों ने इन खबरों को खारिज किया है।

मनसा देवी मंदिर के सीढ़ी वाले रास्ते पर हुआ हादसा

मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि मंदिर की ओर आ रहे श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच एक श्रद्धालु फिसल गया था। इसके चलते भगदड़ मची। न्यूज एजेंसी एएनआई से पुरी ने कहा, "सुबह मुझे सूचना मिली कि सीढ़ी वाले रास्ते पर हादसा हुआ है। मनसा देवी मंदिर आने के तीन रास्ते हैं। एक रोपवे मार्ग है, दूसरा मार्ग है जहां से बाइक आते हैं। तीसरा रास्ता सीढ़ी वाला है। यह प्राचीन रास्ता है, जो सीधे हर की पौड़ी से सीधे मनसा देवी मंदिर आता है।"

 

Scroll to load tweet…

 

महंत रवींद्र पुरी बोले- करंट लगने वाली बात नहीं हुई

"आज अचानक से भीड़ आ गई। बहुत भीड़ हो गई थी। उसी समय पुलिस को सूचना दी गई। पूरी पुलिस फोर्स यहां पहुंची। हमने बैरिकेटिंग लगाई। इसके बाद भी भीड़ ऊपर आ गई। किसी व्यक्ति का पैर फिसल गया। इसके चलते हादसा हुआ। क्योंकि यह सीढ़ी है। एकदम चढ़ाई का मार्ग है। यहां एक गिरा और हल्ला हुआ तो कई लोग गिर गए। घटना के बारे में पता चलने पर मंदिर प्रशासन के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। करंट लगने वाली बात नहीं है।"

यह भी पढ़ें- Mansa Devi Temple Stampede: मनसा देवी से लेकर महाकुंभ तक... साल 2025 की घटनाएं बना रही डर का माहौल

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की मुआवजे की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की। मृतकों के परिवार को 2 लाख रुपए की मदद मिलेगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। सीएम धामी ने कहा, "एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई है। मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घायलों की मदद के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।"