योगी सरकार की राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना 2025 में बुजुर्गों की मजबूत सामाजिक सुरक्षा बनी। 9.83 लाख नए लाभार्थी जुड़े, कुल संख्या 67.50 लाख हुई। डिजिटल सत्यापन से पारदर्शिता बढ़ी और पात्रों को सीधा लाभ मिला।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना वर्ष 2025 में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार बनकर उभरी है। समाज कल्याण विभाग की इस योजना के तहत बीते आठ महीनों में प्रदेश के 9.83 लाख नए पात्र वृद्धजनों को पेंशन से जोड़ा गया है। इसके साथ ही कुल पेंशन लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 67.50 लाख तक पहुंच गई है।

डिजिटल सत्यापन से पारदर्शी और भरोसेमंद बनी पेंशन व्यवस्था

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप वृद्धजनों को सम्मानजनक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन प्रदान करने के लिए यह योजना लगातार मजबूत की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर योजना में डिजिटल मॉनिटरिंग, आधार आधारित सत्यापन और नियमित निगरानी की व्यवस्था लागू की गई है। इससे पेंशन वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी बनी है और यह सुनिश्चित हुआ है कि सरकारी सहायता केवल वास्तविक पात्रों तक ही पहुंचे।

2025 में 67.50 लाख तक पहुंचे पेंशन लाभार्थी

वर्ष 2024 में जहां राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 61.00 लाख वृद्धजन लाभान्वित हो रहे थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 67.50 लाख हो गई है। लाभार्थियों की यह वृद्धि योगी सरकार की सामाजिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

नियमित सत्यापन से हटे अपात्र और मृतक लाभार्थी

योजना की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा लगातार सत्यापन और समीक्षा की गई। इसके तहत वर्ष 2024 में 1.77 लाख और वर्ष 2025 में 3.32 लाख मृतक एवं अपात्र लाभार्थियों के नाम पेंशन सूची से हटाए गए। इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित किया गया कि पेंशन राशि केवल पात्र वृद्धजनों को ही मिले।

पात्र वृद्धजनों को योजना से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता

समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक अमरजीत सिंह ने बताया कि विभाग की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र वृद्धजन पेंशन योजना से वंचित न रहे। इसी लक्ष्य के तहत वर्ष 2025 में 9.83 लाख नए पात्र वृद्धजनों को योजना से जोड़ा गया, जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या 7.08 लाख रही थी।

60 वर्ष की आयु पूरी होते ही सीधे खाते में मिलेगी पेंशन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वृद्धावस्था पेंशन योजना को और अधिक सरल और सहज बनाया गया है। नई व्यवस्था के तहत पात्र व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन फैमिली आईडी ‘एक परिवार एक पहचान’ प्रणाली के माध्यम से स्वतः किया जाएगा। इससे जैसे ही कोई व्यक्ति 60 वर्ष की आयु पूरी करेगा, पेंशन राशि सीधे उसके बैंक खाते में पहुंच जाएगी।