कल्याणी में योगी आदित्यनाथ के रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी। ‘बुलडोजर बाबा’ के नारे गूंजे। भाजपा उम्मीदवार अनुपम विश्वास को समर्थन मिला। योगी ने माफियाराज खत्म कर विकास लाने का भरोसा दिया।
नदिया। पश्चिम बंगाल के कल्याणी विधानसभा क्षेत्र की सड़कों पर सोमवार को जोरदार राजनीतिक माहौल देखने को मिला। ‘वंदे मातरम, भारत मां, जय श्रीराम, हिंदू सम्राट, बुलडोजर बाबा’ जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा उम्मीदवार अनुपम विश्वास के समर्थन में रोड शो करने पहुंचे तो सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में लोग अपने नेता की एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे। युवा और बुजुर्ग अपने मोबाइल से इस पल को रिकॉर्ड करते नजर आए, वहीं घरों की छतों पर खड़ी महिलाएं ‘योगी-योगी’ के नारे लगाती दिखीं।
‘बुलडोजर बाबा’ के स्वागत में जनता का उत्साह
बंगाल में ‘बुलडोजर बाबा’ के नाम से लोकप्रिय हो चुके योगी आदित्यनाथ ने भी जनता का अभिवादन किया और बीच-बीच में लोगों पर फूल बरसाए। इस दौरान उनके साथ भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या भी मौजूद रहे।
भगवान राम के स्वरूप में कलाकार, भगवा माहौल ने बढ़ाया उत्साह
रोड शो के दौरान रथ के आगे भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के वेश में कलाकार चल रहे थे। इस धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुति ने लोगों में अलग ही उत्साह भर दिया। पूरे मार्ग पर भगवा और भाजपा के झंडे लहराते दिखाई दिए। जनता की भारी भीड़ ने संकेत दिया कि इस क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अनुपम विश्वास को मजबूत समर्थन मिल रहा है।
‘दंगाइयों के खिलाफ बुलडोजर’ की मांग
बीते 15 वर्षों से तृणमूल कांग्रेस की सरकार से नाराज स्थानीय नागरिकों ने योगी आदित्यनाथ के सामने सुशासन की मांग रखी। लोग ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए बुलडोजर कार्रवाई को दंगाइयों के खिलाफ सख्त कदम बनाने की बात कह रहे थे। योगी ने भी भरोसा दिलाया कि 4 मई के बाद बंगाल में माफिया और अपराध पर सख्ती से कार्रवाई होगी।
‘टेरर और कटमनी से मुक्ति’ का दावा
मुख्यमंत्री योगी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल की जनता का उत्साह बता रहा है कि राज्य टेरर, माफियाराज और कटमनी जैसी समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान के रुझान भाजपा के पक्ष में हैं और राज्य में डबल इंजन सरकार बनने जा रही है।
यूपी मॉडल का जिक्र, बंगाल में बदलाव का भरोसा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार ने माफिया और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी जनता को गुमराह कर रही हैं, लेकिन अब बंगाल में ‘खेला खत्म’ और विकास शुरू होने वाला है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा सरकार बनने के बाद बंगाल में भी कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और राज्य विकास की राह पर आगे बढ़ेगा।


