ईयर एंडर 2025 में उत्तर प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस में ऐतिहासिक छलांग लगाई। योगी सरकार के सुधारों, निवेश मित्र पोर्टल और BRAP 2024 में टॉप अचीवर बनने से यूपी देश के अग्रणी निवेश गंतव्यों में शामिल हुआ।
वर्ष 2025 उत्तर प्रदेश के लिए आर्थिक सुधारों और निवेश के भरोसे का साल बनकर सामने आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रशासनिक पारदर्शिता, डिजिटल गवर्नेंस और निवेशक-अनुकूल नीतियों ने प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल दी। ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ के विजन पर चलते हुए यूपी ने न केवल कारोबारी प्रक्रियाओं को सरल बनाया, बल्कि देश के अग्रणी निवेश गंतव्यों में अपनी मजबूत पहचान भी स्थापित की।
रैंकिंग में रिकॉर्ड सुधार: 12वें से दूसरे स्थान तक
ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस की रैंकिंग में उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में ऐतिहासिक सुधार दर्ज किया। वर्ष 2017-18 में जहां प्रदेश 12वें स्थान पर था, वहीं 2019 में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। इसके बाद 2022 और 2024 में उत्तर प्रदेश को ‘टॉप अचीवर’ की श्रेणी में स्थान मिला। लॉजिस्टिक्स रैंकिंग 2022, 2023 और 2024 में भी राज्य को ‘अचीवर’ का दर्जा मिला, जबकि वर्ष 2021 के गुड गवर्नेंस इंडेक्स में वाणिज्य एवं उद्योग श्रेणी में प्रदेश शीर्ष पर रहा।
यह भी पढ़ें: UP Schools Closed: लखनऊ में आज से स्कूल बंद, जानिए कब तक रहेगी छुट्टी
BRAP 2024 में यूपी का दबदबा
बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान-2024 (BRAP 2024) के तहत उत्तर प्रदेश ने तीन प्रमुख क्षेत्रों—उद्यम स्थापना, श्रम नियमों का सरलीकरण और भूमि प्रशासन—में ‘टॉप अचीवर’ का दर्जा प्राप्त किया। यह उपलब्धि राज्य में औद्योगिक बाधाओं को कम करने, नियमों को सरल बनाने और निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में किए गए ठोस प्रयासों को दर्शाती है।
426 सुधारों से बदला कारोबारी माहौल
BRAP और BRAP+ के अंतर्गत वर्ष 2024 के बाद सरकार ने 24 सुधार क्षेत्रों में 426 अहम सुधार लागू किए। इनमें निवेश सुविधा, सिंगल विंडो सिस्टम, भूमि सुधार, श्रम पंजीकरण, पर्यावरण स्वीकृतियां और निर्माण अनुमति जैसी प्रक्रियाएं शामिल हैं। अनुपालन बोझ को कम करने और दंडात्मक प्रावधानों को सरल बनाने से उद्यमियों को समय और लागत दोनों में राहत मिली है।
‘निवेश मित्र’ बना भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म
योगी सरकार की डिजिटल गवर्नेंस की रीढ़ बना सिंगल विंडो पोर्टल ‘निवेश मित्र’ आज निवेशकों का भरोसेमंद मंच बन चुका है। 45 विभागों की 525 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। अब तक 20 लाख से अधिक स्वीकृतियां डिजिटल रूप से जारी की जा चुकी हैं और 97 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निस्तारण हो चुका है। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से पारदर्शिता बढ़ी है और 96 प्रतिशत से अधिक उपयोगकर्ता पोर्टल से संतुष्ट हैं।
निवेश मित्र 3.0 से नई डिजिटल उड़ान
सरकार अब ‘निवेश मित्र 3.0’ की तैयारी में जुटी है, जिसे राष्ट्रीय सिंगल विंडो सिस्टम से जोड़ा जाएगा। यह IGRS, निवेश सारथी, OIMS, इंडिया इंडस्ट्रियल लैंड बैंक और मुख्यमंत्री दर्पण जैसी प्रणालियों के साथ एकीकृत होगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित स्मार्ट डैशबोर्ड, रियल-टाइम डेटा एनालिसिस और मल्टी-चैनल अलर्ट सिस्टम के जरिए निवेशकों को और अधिक सहज अनुभव मिलेगा।
यह भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे पर रफ्तार बन रही है जानलेवा, हादसों के आंकड़े दे रहे चेतावनी
