मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक खेल स्पर्धा–2025 में प्रदेशभर में खेल मैदान, स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माण की घोषणा की। सरकार का लक्ष्य गांव से मंडल तक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत कर युवाओं को बेहतर मंच देना है।

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि प्रदेश के हर गांव, ब्लॉक और जिले तक खेल सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी। सरकार की योजना है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिले स्तर पर बड़े स्टेडियम बनाए जाएं। इसके साथ ही हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जाएगा।

विधायक खेल स्पर्धा–2025 के पुरस्कार वितरण समारोह में बोले सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित विधायक खेल स्पर्धा–2025 के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ कर रही है।

गोरखपुर को मिलेगा इंटरनेशनल स्टेडियम, रीजनल स्टेडियम का हो रहा नवोद्धार

मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में एक इंटरनेशनल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा गोरखपुर के रीजनल स्टेडियम का 63 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण किया जा रहा है। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम का निर्माण प्रगति पर है।

मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का सत्र शुरू

सीएम योगी ने कहा कि मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर स्थापित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है। इस यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य विश्वस्तरीय मानकों के अनुसार किया जा रहा है। सरकार की अगली तैयारी हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की है।

संस्थाएं एक खेल को लें गोद, सरकार देगी पूरा सहयोग

मुख्यमंत्री ने बताया कि वह जल्द ही गोरखपुर महानगर की सभी संस्थाओं के साथ बैठक करेंगे। इसमें संस्थाओं से अपील की जाएगी कि वे एक-एक खेल को गोद लें। कुछ सहयोग संस्थाएं करेंगी और कुछ सरकार की ओर से दिया जाएगा। अच्छे कोच की व्यवस्था की जाएगी, जिससे बच्चों को खेल के लिए बेहतर मंच मिल सके।

अगली बार कामकाजी और रिटायर्ड लोगों के लिए भी होंगी खेल प्रतियोगिताएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक खेल स्पर्धा को लेकर भविष्य की योजना साझा करते हुए कहा कि अगली बार बच्चों और छात्रों के साथ-साथ कामकाजी और सेवानिवृत्त लोगों के लिए भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताएं वार्ड स्तर से शुरू होकर उपनगरीय और नगर स्तर तक आयोजित की जाएंगी और विजेताओं को बड़े समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

छात्रों के लिए तीन स्तरों पर होंगी प्रतियोगिताएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि बच्चों और छात्रों की प्रतियोगिताएं बालक व बालिका वर्ग में तीन स्तरों—बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा—पर आयोजित की जाएंगी। इसी तर्ज पर गोरखपुर में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।

जनवरी में होंगी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, गोरखपुर महोत्सव में सम्मान

गायन, वादन, नृत्य और नाट्य जैसी कला विधाओं में प्रतियोगिताएं जनवरी के पहले सप्ताह में आयोजित होंगी। 11 से 13 जनवरी को गोरखपुर महोत्सव के मुख्य आयोजन में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

'खेलेगा युवा तो खिलेगा देश'- सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि युवा खेलेगा तो देश खिलेगा। विकसित भारत की परिकल्पना का रास्ता स्वस्थ शरीर से होकर जाता है। खेलकूद और योगिक क्रियाएं शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।

11 वर्षों में खेल जगत में आया बड़ा बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में खेल गतिविधियों में बड़ा परिवर्तन आया है। कबड्डी, हॉकी, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसे खेलों में भारत आज वैश्विक पहचान बना रहा है। ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ और वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की मजबूत उपस्थिति इसी बदलाव का प्रमाण है।

भीषण ठंड में भी खिलाड़ियों के उत्साह की सराहना

मुख्यमंत्री ने भीषण ठंड के बावजूद खिलाड़ियों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने बताया कि विधायक खेल स्पर्धा–2025 में प्रत्यक्ष रूप से 1000 और अप्रत्यक्ष रूप से 10,000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, जूडो और कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

बिना भेदभाव खिलाड़ियों को मिल रहा अवसर : संजय निषाद

प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेल के क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के सभी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराध और असामाजिक गतिविधियों की जगह वास्तविक खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया है।

खेल इंफ्रास्ट्रक्चर में ऐतिहासिक कार्य : गिरीश चंद्र यादव

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान और ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है।

पीएम मोदी के खेल विजन को साकार कर रहे सीएम योगी : रवि किशन

सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलेगा इंडिया, आगे बढ़ेगा इंडिया’ के विजन को धरातल पर उतार रहे हैं। गोरखपुर में प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेडियम इसका बड़ा उदाहरण है।

कुश्ती और कबड्डी फाइनल मुकाबला देखकर खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

समापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कुश्ती (74 किग्रा वर्ग) और कबड्डी के फाइनल मुकाबले देखे। पुरस्कार वितरण में सीनियर कुश्ती विजेता शुभम यादव, उपविजेता अनुराग यादव और सीनियर कबड्डी विजेता टीम रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम को सम्मानित किया गया।