यूपी-बिहार में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने 28 दिसंबर तक घने कोहरे व 25 दिसंबर के बाद शीतलहर का अलर्ट दिया है। यूपी में विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह सकती है, जबकि बिहार में 29 दिसंबर तक ‘कोल्ड डे’ की चेतावनी है।
Uttar Pradesh Bihar Mausam Updates Today 25 December: उत्तर भारत के कई राज्य इन दिनों ठंड से कंपकंपा रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दिसंबर के महीने में उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे और ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहेगा। इसके साथ ही 25 दिसंबर के बाद शीतलहर भी लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग ने यूपी-बिहार के कई जिलों में बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में में 28 से 31 दिसंबर के बीच घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
क्रिसमस पर कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 25 दिसंबर को यूपी के ज्यादातर जिलों में तड़के घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान कुछ जगह विजिबिलिटी 50 मीटर तक और कुछ जगहों पर अधिकतम 200 मीटर तक रह सकती है। राजधानी लखनऊ की बात करें तो दिन का तापमान 24 डिग्री के आसपास रह सकता है, वहीं रात के तापमान में हल्का इजाफा होगा और यह 11 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। 24 दिसंबर को लखनऊ में AQI 400 के ऊपर दर्ज किया गया।
25 दिसंबर को बिहारवासियों को नहीं मिलेगी ठंड से राहत
बिहार के लोगों को फिलहाल कुछ दिन और ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने 29 दिसंबर तक राज्य में 'कोल्ड डे' की संभावना जताई है। बिहार में कड़ाके की ठंड के चलते कई जिलों में निचली कक्षाओं को बंद करने का फैसला किया गया है। बिहार के गया, नालंदा एवं शेखपुरा जिलों में 'कोल्ड डे' जैसे हालात बने रहे। राजधानी पटना की बात करें तो गुरुवार 25 दिसंबर को दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और रात का न्यूनतम 12 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। शहर का एक्यूआई 324 दर्ज किया गया।


